CG News: भाटापारा-हथबंध सेक्शन में रेलवे का काम, 22 और 23 जुलाई को 8 मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी रद्द
CG News: छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए अहम खबर है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में भाटापारा और हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन पर ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा. इस तकनीकी कार्य के चलते 22 और 23 जुलाई को कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा.
8 ट्रेनों का संचालन रहेगा बंद
रेलवे प्रशासन ने इस कार्य के कारण बिलासपुर, रायपुर, कोरबा और गेवरा रोड रूट पर चलने वाली कुल 8 मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है. ऐसे में इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है.
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
22 जुलाई को रायपुर–बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68728), बिलासपुर–गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68734), गेवरा रोड–बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68733), बिलासपुर–रायपुर मेमू पैसेंजर (68719), कोरबा–रायपुर पैसेंजर (58203), रायपुर–कोरबा पैसेंजर (58204) और रायपुर–गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68746) रद्द रहेंगी. वहीं 23 जुलाई को कोरबा–रायपुर मेमू पैसेंजर (68745) का संचालन भी नहीं होगा.
तीसरी लाइन और ऑटो सिग्नलिंग का चल रहा कार्य
रेलवे प्रशासन के अनुसार, बिलासपुर रेलवे जोन में आधारभूत रेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए तीसरी लाइन और आधुनिक ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली का कार्य तेजी से किया जा रहा है. इस परियोजना के पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है.
यात्रा से पहले स्थिति जरूर जांचें
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें. तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से बहाल किया जाएगा. यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर जारी की जा रही हैं.