CG News: रायपुर आएंगे राहुल गांधी, कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में देंगे मार्गदर्शन
CG News: छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त किए गए जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन रायपुर में किया जाएगा। इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल होंगे और पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देंगे।
21 से 30 जून तक चलेगा प्रशिक्षण शिविर
कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह प्रशिक्षण शिविर 21 जून से 30 जून 2026 तक रायपुर के चांदी मोड़ स्थित अशुतोष अलका अग्रवाल मंगल भवन में आयोजित किया जाएगा। इसमें संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त सभी जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
केसी वेणुगोपाल ने जारी किया पत्र
इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव K. C. Venugopal ने सभी जिला और शहर अध्यक्षों को पत्र जारी कर प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
राहुल गांधी देंगे विशेष मार्गदर्शन
महासचिव द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने भी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है। वे शिविर के दौरान किसी एक दिन उपस्थित होकर कांग्रेस पदाधिकारियों को संगठन, विचारधारा और भविष्य की रणनीति पर मार्गदर्शन देंगे।
दिल्ली प्रशिक्षण के बाद लिया गया निर्णय
पत्र में उल्लेख किया गया है कि 10 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित Indira Bhawan में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद यह निर्णय लिया गया था कि छत्तीसगढ़ के नव-नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए विस्तृत 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाए।
संगठन को मजबूत करने पर फोकस
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत किया जाएगा। साथ ही जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पदाधिकारियों को तैयार किया जाएगा।