CG News: प्रधानमंत्री मोदी ने रायपुर में डिजिटल ट्राइबल म्यूज़ियम खोला
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर नवा रायपुर में देश का पहला डिजिटल शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन किया। 50 करोड़ रुपये में बना यह संग्रहालय 14 आदिवासी विद्रोहों की कहानियों को आधुनिक डिजिटल तकनीक और वीएफएक्स के माध्यम से जीवंत रूप में प्रदर्शित करता है।
डिजिटल ट्राइबल म्यूज़ियम का उद्घाटन
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन किया। यह देश का पहला डिजिटल ट्राइबल म्यूज़ियम है और इसे आदिवासी वीर नायकों को समर्पित किया गया है, जिन्होंने अंग्रेज़ों के खिलाफ अपने प्राणों की आहुति दी।
आदिवासी संघर्ष की गाथा
संग्रहालय विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के आदिवासी नायकों को याद करता है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे देशभर के आदिवासी प्रेरणास्रोत हैं, वहीं छत्तीसगढ़ के सोनाखान ज़मींदार वीर नारायण सिंह ने अंग्रेज़ों के खिलाफ विद्रोह किया और अपनी जान दी। उन्हें छत्तीसगढ़ का प्रथम शहीद माना जाता है।
आधुनिक तकनीक से सुसज्जित संग्रहालय
नवा रायपुर के सेक्टर-24 में लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह संग्रहालय डिजिटल और वीएफएक्स तकनीक से लैस है। इसमें डिजिटल स्क्रीन, प्रोजेक्शन सिस्टम और मोबाइल पर क्यूआर कोड स्कैन की सुविधा उपलब्ध है। संग्रहालय में 14 प्रमुख आदिवासी विद्रोहों की कहानियाँ जीवंत रूप में प्रस्तुत की गई हैं।
सांस्कृतिक और प्रेरणादायक का अनुभव
संग्रहालय परिसर में शहीद वीर नारायण सिंह का भव्य स्मारक, भगवान बिरसा मुंडा और शहीद गैंदसिंह की मूर्तियाँ, 1400 साल पुराने पेड़ों की प्रतिकृतियाँ और सुंदर नक्काशीदार पैनल लगाई गई हैं। आधुनिक सुविधाओं जैसे सेल्फी प्वाइंट, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष प्रबंध भी किए गए हैं। यह संग्रहालय नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा और आदिवासी गौरव का केंद्र बनेगा।