CG News: छत्तीसगढ़ में 5वीं, 7वीं और 8वीं का नया सिलेबस होगा तैयार, स्थानीय संस्कृति और इतिहास को मिलेगा स्थान
CG News: छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत स्कूली शिक्षा में एक और महत्वपूर्ण बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है. राज्य में अब कक्षा 5वीं, 7वीं और 8वीं के विद्यार्थियों के लिए नया पाठ्यक्रम और नई पाठ्यपुस्तकें तैयार की जाएंगी. इस दिशा में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने विस्तृत कार्ययोजना जारी कर दी है.
तीन महीने में तैयार होगा नया पाठ्यक्रम
एससीईआरटी के अनुसार 7 जुलाई से 30 सितंबर तक विषयवार कार्यशालाओं के माध्यम से नए पाठ्यक्रम और पुस्तकों का निर्माण किया जाएगा. इस दौरान विषय सामग्री का चयन, अध्याय लेखन, अभ्यास प्रश्न, ग्राफिक डिजाइन, प्रूफ रीडिंग, ले-आउट और अंतिम संशोधन जैसे सभी चरण पूरे किए जाएंगे.
स्थानीय संस्कृति और इतिहास को मिलेगा स्थान
नई किताबें एनसीईआरटी के नए ढांचे के अनुरूप तैयार की जाएंगी. साथ ही इनमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोकजीवन, जनजातीय परंपराएं, भूगोल, पर्यटन, तीज-त्योहार, ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के साथ प्रदेश के प्रमुख व्यक्तित्वों से जुड़ी सामग्री भी शामिल की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को स्थानीय परिवेश से जुड़ी शिक्षा मिल सके.
इन कक्षाओं पर रहेगा विशेष फोकस
इस चरण में कक्षा 5वीं और 8वीं के सभी विषयों की नई किताबें तैयार होंगी. वहीं कक्षा 7वीं मंय विशेष रूप से गणित और योग शिक्षा के पाठ्यक्रम को अपडेट किया जाएगा. इसके लिए विषय विशेषज्ञों और सेवानिवृत्त शिक्षाविदों की सेवाएं ली जा रही हैं.
पहले चरण का काम हो चुका पूरा
इससे पहले एससीईआरटी कक्षा 1, 2, 3 और 6 की हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम की नई पाठ्यपुस्तकें तैयार कर चुका है. अब दूसरे चरण में नई कक्षाओं की किताबों पर काम शुरू हो गया है. सरकार का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, व्यवहारिक और स्थानीय संदर्भों से जुड़ी शिक्षा उपलब्ध कराना है.