CG News: BSP से लोहे की बड़ी चोरी का पर्दाफाश, दुर्ग के गोदाम से 100 टन से ज्यादा माल जब्त
CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई स्टील प्लांट से करोड़ों रुपये के लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। दुर्ग पुलिस ने भिलाई-3 थाना क्षेत्र के अकलोलडी गांव में छापेमार कार्रवाई करते हुए एक गोदाम को सील कर दिया। यहां भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा और कई भारी मशीनें बरामद की गईं, जिन्हें देखकर जांच एजेंसियां भी हैरान रह गईं।
ब्लू डस्ट परिवहन की आड़ में चल रहा था खेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रांसपोर्टर संजय सिंह पर BSP के अंदर से ट्रक ड्राइवरों के जरिए लोहा चोरी कराने का आरोप है। चोरी का माल अकलोलडी स्थित मोहम्मद सलीम के गोदाम में जमा किया जाता था और बाद में दूसरे स्थानों पर खपाया जाता था। पुलिस के मुताबिक ब्लू डस्ट परिवहन की आड़ में इस पूरे नेटवर्क को संचालित किया जा रहा था।
भारी मशीनों और वाहनों की हुई जब्ती
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोदाम से पोकलेन मशीन, बुलडोजर, ट्रक और चेन माउंटेड मशीनों समेत करीब एक दर्जन भारी वाहनों को जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि चोरी किया गया लोहा इतना भारी था कि उसे बिना क्रेन और भारी मशीनों के उठाना संभव नहीं था। ऐसे में कई स्तरों पर मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
अब तक 100 टन से ज्यादा संदिग्ध माल जब्त किया जा चुका है। मामले के मुख्य आरोपी संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद सलीम फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं। वहीं BSP परिसर में सैकड़ों CCTV कैमरे और CISF जवानों की मौजूदगी के बावजूद इतनी बड़ी चोरी सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।