CG News: छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, राज्य प्रशासनिक सेवा के 125 अफसरों का तबादला
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक कसावट और कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के 125 अधिकारियों के तबादले का बड़ा आदेश जारी किया है, सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा मंगलवार को जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, यह फेरबदल पूरी तरह से प्रशासनिक आधार पर किया गया है, तबादला सूची में अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर तथा प्रवर श्रेणी के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें राज्य के विभिन्न जिलों और मंत्रालय स्तर पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
इनको मिला महत्वपूर्ण अतिरिक्त प्रभार
प्रशासनिक फेरबदल के तहत सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव के पद पर कार्यरत पुलक भट्टाचार्य, जो पीएमओटी मिशन कर्मयोगी और नगरीय प्रशासन-विकास संचालनालय का प्रभार संभाल रहे हैं, उन्हें राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) रायपुर के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, वहीं श्रम विभाग में उप सचिव विपुल कुमार गुप्ता को छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल रायपुर के सचिव पद का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है.
डॉ. ऋतु वर्मा को उच्च शिक्षा का प्रभार
राज्य शिष्टाचार कार्यालय में राज्य शिष्टाचार अधिकारी और खनिज साधन विभाग के उप सचिव विनायक शर्मा को नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में प्रबंधक के पद पर पदस्थ किया गया है, जबकि उनके स्थान पर सत्कार अधिकारी पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा को नया राज्य शिष्टाचार अधिकारी नियुक्त किया गया है, इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव डॉ. ऋतु वर्मा को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ उच्च शिक्षा विभाग में उप सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किए गए अफसर
आदेश के तहत कृषि विकास विभाग में अवर सचिव वैभव कुमार क्षेत्रज्ञ को छत्तीसगढ़ संवाद के उप महाप्रबंधक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है, इसी प्रकार सुशासन-अभिसरण विभाग में अवर सचिव गौतम सिंह को मार्कफेड के अतिरिक्त दायित्व से मुक्त किया गया है, वहीं माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर में उप सचिव रहीं मोनिका जयनशीने को नवाचार आयोग के प्रभार से मुक्त करते हुए दुर्ग जिले में नए डिप्टी कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया गया है.
जिलों से लेकर मंत्रालय स्तर तक कसावट की कवायद
राज्य सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का मुख्य उद्देश्य मैदानी स्तर पर सरकारी योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन और मंत्रालय स्तर पर नीतिगत फैसलों की गति को बढ़ाना है, कई जिलों में लंबे समय से पदस्थ संयुक्त कलेक्टरों और अपर कलेक्टरों के कार्यक्षेत्र बदलने से जिला प्रशासनों में नया तालमेल देखने को मिलेगा, सभी स्थानांतरित अधिकारियों को जल्द से जल्द नए पदस्थान पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी किए गए हैं.
One thought on “CG News: छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, राज्य प्रशासनिक सेवा के 125 अफसरों का तबादला”