CG News: IGKV पेपर लीक कांड में बड़ा एक्शन, 6 गिरफ्तार, प्राचार्य समेत मास्टरमाइंड बर्खास्त
CG News: राजधानी रायपुर में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. दुर्ग के भारती कॉलेज के असिस्टेंट लेक्चरर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाना क्षेत्र में मामला दर्ज किया गया है. जांच के दौरान प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले छात्रों तक पहुंचने के आरोप सामने आए हैं.

प्राचार्य और कथित मास्टरमाइंड पर कार्रवाई
मामले में लापरवाही के आरोपों के बीच भारती कॉलेज प्रबंधन ने प्राचार्य डॉ. एके दुबे और कथित मास्टरमाइंड योगेश सोनकेसरिया को बर्खास्त कर दिया है. प्रबंधन की ओर से यह कार्रवाई पेपर लीक प्रकरण में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के बाद की गई. पुलिस अब पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
दो परीक्षाएं हुईं रद्द
पेपर लीक के बाद विश्वविद्यालय को दो परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं. 7 अगस्त को आयोजित BSc कृषि प्रथम वर्ष की प्लांट पैथोलॉजी परीक्षा को निरस्त किया गया. जांच में इस प्रश्नपत्र के भी लीक होने की बात सामने आई. इससे पहले BSc कृषि द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी परीक्षा भी रद्द की गई थी. दोनों परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा कराए जाने की जानकारी सामने आई है.
छात्रों तक पहले पहुंच रहे थे प्रश्नपत्र
जांच में आरोप है कि कृषि विषयों के कुछ प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से काफी पहले छात्रों तक पहुंच जाते थे. कथित तौर पर पूरे सेमेस्टर के कई विषयों के प्रश्नपत्र PDF के रूप में छात्रों के बीच शेयर किए जा रहे थे. एक प्रश्नपत्र के बदले करीब 5 हजार रुपये लिए जाने की बात भी सामने आई है. हालांकि, इन सभी आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
नकल के मामले से गहराया शक
मामले की जांच उस समय और गंभीर हो गई, जब एक छात्र नकल करते हुए पकड़ा गया. उसके पास से पर्ची मिलने के बाद अगले दिन होने वाली परीक्षा के प्रश्नपत्र की तस्वीर कथित तौर पर वायरल हुई. तस्वीर के पीछे भारती कॉलेज की सीढ़ियां दिखाई देने की बात कही गई. इसके बाद कॉलेज से प्रश्नपत्र बाहर जाने का शक गहराया और जांच आगे बढ़ी. अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे पेपर लीक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.
यह भी पढ़ें : CG News: पुलिस आरक्षक भर्ती की सेकंड लिस्ट की मांग तेज, कवर्धा में गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव