CG News: छत्तीसगढ़ में वक्फ संपत्तियों को कानूनी मान्यता, 2006 तक दर्ज रिकॉर्ड वैध घोषित
CG News: केंद्र सरकार के नए वक्फ अधिनियम के तहत छत्तीसगढ़ में वर्ष 2006 तक दर्ज सभी वक्फ संपत्तियों को कानूनी रूप से वैध घोषित कर दिया गया है। इन सभी संपत्तियों को अब ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज कर आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई है, जिससे इनके संरक्षण और प्रबंधन को नई कानूनी मजबूती मिली है।
वक्फ संपत्तियों को मिली कानूनी मान्यता
सरकारी जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड की सभी पंजीकृत संपत्तियों को केंद्रीय प्रणाली के तहत सत्यापित किया गया है। 1 जुलाई को जारी सूची में राज्य के सभी रिकॉर्ड को पूर्णतः वैध और प्रमाणित माना गया है, जिसके बाद इन्हें डिजिटल रिकॉर्ड में शामिल किया गया है, बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में वक्फ बोर्ड की लगभग 5000 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां दर्ज हैं। नए अधिनियम के तहत इन संपत्तियों को कानूनी सुरक्षा प्राप्त हो गई है, जिससे इनके संरक्षण और प्रबंधन की प्रक्रिया और मजबूत हुई है।
अवैध कब्जों पर होगी सख्त कार्रवाई
सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों को चिन्हित करने के लिए विभाग को आगामी दो महीनों के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, वक्फ बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, कई प्रमुख और मूल्यवान संपत्तियों पर लंबे समय से अवैध कब्जे की स्थिति बनी हुई है। अब नए अधिनियम और केंद्र की सूची के बाद इन कब्जों को हटाने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
डिजिटल रिकॉर्ड से बढ़ी पारदर्शिता
सभी वक्फ संपत्तियों को ऑनलाइन रिकॉर्ड में शामिल किए जाने से पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है। इससे संपत्तियों की निगरानी, प्रबंधन और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया अधिक आसान और प्रभावी होगी, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अब अवैध कब्जों के मामलों में तेजी से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संपत्तियों के संरक्षण के लिए निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।