CG News : कोंटा IED ब्लास्ट: शहीद हुए ASP आकाश राव गिरपुंजे, बेटी के जन्मदिन से पहले छिना परिवार का साया
CG News : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED विस्फोट में एडिशनल एसपी आकाश राव गिरपुंजे शहीद हो गए। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है। कर्तव्य पर डटे आकाश राव की यह आखिरी गश्त साबित हुई।
सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान सोमवार सुबह डोंड्रा के पास जब आकाश राव और उनकी टीम घटनास्थल की जांच के लिए पैदल पहुंची, तभी जोरदार विस्फोट हुआ। उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
बैंक अफसर से पुलिस सेवा तक
ASP आकाश राव की पत्नी स्नेहा अपने दोनों बच्चों के साथ महाराष्ट्र के पवनी स्थित मायके में हैं। उनकी बेटी का जन्मदिन 11 जून को था और आकाश कुछ ही दिनों में वापस रायपुर लौटने वाले थे। हफ्तेभर पहले बेटे का जन्मदिन उन्होंने परिवार के साथ मनाया था — जो अब एक आखिरी मुलाकात बन चुकी है।
आकाश राव गिरपुंजे मूलतः रायपुर जिले के निवासी थे। पहले यूको बैंक में अधिकारी रहे, लेकिन जनसेवा की भावना ने उन्हें पुलिस सेवा में आने के लिए प्रेरित किया। 2013 बैच के सीधी भर्ती डीएसपी आकाश ने मानपुर-मोहला में बेहतर पुलिसिंग के लिए विशिष्ट सेवा पदक भी प्राप्त किया था।
शहीदों की सूची में तीसरा नाम
छत्तीसगढ़ में यह तीसरी बार है जब एडिशनल एसपी स्तर के अधिकारी शहीद हुए हैं। 2001 में भास्कर दीवान और 2011 में राजेश पवार के बाद अब 2025 में आकाश राव गिरपुंजे ने मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
आकाश राव का पार्थिव शरीर और घायल पुलिसकर्मी रायपुर लाए गए हैं। मंगलवार को महादेव घाट में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत राज्य के सभी बड़े नेताओं ने शहीद अफसर को श्रद्धांजलि अर्पित की है और कहा है कि यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।