CG News : इंसाफ नहीं मिला तो मांगी इच्छा मृत्यु की अनुमति: कबीरधाम के किसान की टूट चुकी उम्मीदें
CG News : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां वर्षों से अपनी जमीन पर अवैध कब्जे से परेशान एक किसान ने कलेक्टर से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। मामला पंडरिया ब्लॉक का है, जहां किसान मनीष पांडे पिता मदन लाल पांडे ने प्रशासन से न्याय न मिलने पर यह बेहद कठोर कदम उठाया।
भू-माफिया से परेशान किसान का संघर्ष
किसान मनीष पांडे और उनके भाई आशीष पांडे का कहना है कि उनकी कृषि भूमि पर वर्षों से भू-माफिया द्वारा कब्जा किया गया है। न्याय की आस में उन्होंने पटवारी, आरआई और राजस्व अधिकारियों को दर्जनों बार आवेदन दिए और सीमांकन की गुहार लगाई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन और तारीखें ही मिलीं।
23 जून को निकला आदेश, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
पीड़ित किसान ने बताया कि 23 जून 2025 को कलेक्टर कार्यालय से भू-अभिलेख शाखा ने सीमांकन कर प्रकरण का त्वरित निराकरण करने का आदेश जारी किया था। आदेश के बाद दो पटवारी और दो आरआई मौके पर पहुंचे लेकिन खसरा नंबर में त्रुटि बताकर सीमांकन अधूरा छोड़ दिया गया।
नक्शा त्रुटि के बहाने कार्रवाई से बचाव?
किसान के अनुसार, प्रशासनिक अमला नक्शे में गड़बड़ी का हवाला देकर कार्रवाई को लगातार टालता रहा। इससे निराश होकर मनीष पांडे ने सीधे कलेक्टर कवर्धा के समक्ष पेश होकर इच्छा मृत्यु की मांग की। यह घटना जिले की प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
कलेक्टर का आश्वासन, लेकिन कार्रवाई कब?
कलेक्टर ने किसान को समझाइश देते हुए भू-माफिया पर जल्द कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है। हालांकि, किसान परिवार अब भी आशंकित है कि क्या यह आश्वासन कागज़ों तक ही सीमित रहेगा या वास्तव में उन्हें न्याय मिलेगा?