CG News : हिस्ट्रीशीटर वीरेन्द्र और रोहित तोमर पर कानून का शिकंजा, गिरफ्तारी वारंट जारी, संपत्तियों की होगी कुर्की
CG News : राजधानी में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के मामलों में फरार चल रहे कुख्यात आरोपियों वीरेन्द्र सिंह तोमर और रोहित सिंह तोमर की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। न्यायालय ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है और पुलिस जांच में उपस्थित होने के निर्देश भी दिए हैं। पुलिस ने वारंट मिलने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी है और अब आरोपियों की संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी की जा रही है।
पांच आपराधिक मामले, संपत्ति की जांच तेज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों, उनके सहयोगियों और परिजनों पर ब्लैकमेलिंग, धमकी, अवैध वसूली सहित कुल पांच केस दर्ज हैं। वहीं रोहित तोमर पर एक मारपीट का प्रकरण भी दर्ज है। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से बरामद ज्वेलरी और नकदी को आयकर विभाग को सौंपा गया है, जबकि संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की स्क्रूटनी जारी है।
‘साईं विला’ समेत कई प्रॉपर्टी दस्तावेज सामने आए
जांच में सामने आया है कि रायपुर के भाठागांव में करीब 5000 वर्गफीट में बना ‘साईं विला’ वीरेन्द्र सिंह तोमर की पत्नी के नाम पर दर्ज है। इसके अलावा अभनपुर, भनपुरी समेत अन्य स्थानों पर भी दोनों आरोपियों के नाम पर अचल संपत्ति के दस्तावेज पुलिस के हाथ लगे हैं। यदि आरोपी शीघ्र गिरफ्त में नहीं आते, तो पुलिस इन संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू करेगी।
तकनीकी जांच से तेज हुई तलाश
पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तकनीकी लोकेशन ट्रैकिंग में जुटी हैं। इस बीच नए पीड़ितों ने भी सामने आकर शिकायतें दर्ज कराई हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि तोमर बंधुओं ने उनसे ऊंची दरों पर ब्याज वसूला, लेकिन इसके बावजूद गिरवी रखे गए दस्तावेज, चेक और ज़मीन के कागजात वापस नहीं किए। विरोध करने पर उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी गईं।
सहयोगियों पर भी हो सकती है कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति फरार आरोपियों को शरण या सहयोग देता पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में पुलिस हर स्तर पर दबिश और डेटा ट्रैकिंग के जरिए दोनों आरोपियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।