CG News: नक्सल मुक्त गांवों के विकास के लिए सरकार का बड़ा फैसला, हर गांव को मिलेगी 1 करोड़ रुपये की सहायता
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास को नई दिशा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने नक्सल मुक्त घोषित गांवों के विकास के लिए विशेष योजना तैयार की है. इसके तहत चयनित गांवों को आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
बस्तर के 50 गांवों से होगी शुरुआत
योजना के पहले चरण में बस्तर संभाग के 50 गांवों को शामिल किया गया है. इनमें सुकमा जिले के 20, बीजापुर के 20 और नारायणपुर के 10 गांव शामिल हैं. उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए.
15 अगस्त को फहराया जाएगा तिरंगा
सरकार ने निर्णय लिया है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर सभी नक्सल मुक्त गांवों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा. इसका उद्देश्य गांवों में राष्ट्रीय एकता, जनभागीदारी और विश्वास का वातावरण मजबूत करना है. प्रशासन को इस आयोजन की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.
राहत और पुनर्वास पर भी जोर
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नक्सल मामलों में बंद ऐसे लोगों के मामलों की कानूनी समीक्षा की जाए, जिन पर गंभीर अपराध दर्ज नहीं हैं. पात्र मामलों में नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही पुनर्वास और राहत योजनाओं को भी तेज करने पर जोर दिया गया.
पीएम आवास योजना का मिलेगा लाभ
सरकार ने नक्सल पीड़ित और पुनर्वासित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा जिन क्षेत्रों में बड़ी नक्सली घटनाएं हुई थीं, वहां शहीदों और पीड़ितों की स्मृति में स्मारक विकसित करने की योजना पर भी काम किया जाएगा.
विकास के जरिए बदलेगी बस्तर की तस्वीर
राज्य सरकार का मानना है कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से नक्सल मुक्त गांवों में विकास को नई गति मिलेगी. सरकार का लक्ष्य है कि इन क्षेत्रों में लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो, रोजगार के अवसर बढ़ें और बस्तर में शांति एवं विकास का नया दौर स्थापित हो.