CG News: छत्तीसगढ़ की महिला श्रमिकों के लिए खुशखबरी, दीदी ई-रिक्शा योजना में सरकार देगी ₹1.50 लाख तक की सहायता
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने महिला निर्माण श्रमिकों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना शुरू की है। श्रम विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पात्र महिला श्रमिकों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा।
महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य महिला श्रमिकों को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आय में वृद्धि करना है। योजना के जरिए महिलाएं स्वयं का ई-रिक्शा संचालन कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकेंगी, योजना का लाभ लेने के लिए महिला का भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में कम से कम 3 वर्षों से पंजीकृत निर्माण श्रमिक होना आवश्यक है।
सरकार देगी ₹1.50 लाख तक की सहायता
पात्र महिला हितग्राहियों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए ₹1.50 लाख तक की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। हितग्राही अपनी पसंद की ई-रिक्शा कंपनी का चयन कर सकती हैं और बैंक से ऋण स्वीकृति मिलने के बाद योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से आवेदन
महिला श्रमिक योजना के लिए निम्न माध्यमों से आवेदन कर सकती हैं
• श्रम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट
• श्रमेव जयते मोबाइल ऐप
• नजदीकी श्रम संसाधन केंद्र
• चॉइस सेंटर
• संबंधित जिला श्रम कार्यालय
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
श्रम विभाग के अनुसार यह योजना महिलाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।