CG News: रायपुर में ईंधन महंगा: पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से पेट्रोल पंपों पर भीड़, प्रशासन अलर्ट
CG News: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद इसका असर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी दिखने लगा है। यहां पेट्रोल 103.58 रुपए और डीजल 96.57 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें
कीमतें बढ़ने की खबर फैलते ही शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ जगहों पर लाइनें करीब 100 मीटर तक देखी गईं, जहां लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए, प्रशासन का कहना है कि शहर में ईंधन की कोई कमी नहीं है। लेकिन अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं, जिससे अचानक पंपों पर दबाव बढ़ गया है और भीड़ नियंत्रण से बाहर होती दिख रही है।
प्रशासन ने की बैठक
स्थिति को संभालने के लिए रायपुर कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने साफ किया कि सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है, भीड़ को कम करने के लिए डिपो से चौबीसों घंटे ईंधन आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। पहले जहां टैंकरों की एंट्री सीमित समय तक होती थी, अब लगातार सप्लाई जारी रखने का फैसला लिया गया है ताकि पंपों पर दबाव कम हो सके।
महंगाई का असर आम जनता पर
डीजल की कीमत बढ़ने से रोजमर्रा की जिंदगी पर भी असर पड़ सकता है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सब्जी, फल और राशन के दाम बढ़ने की आशंका है। साथ ही बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी संभव है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार बना वजह
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के बाद क्रूड ऑयल 70 डॉलर से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जिससे तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है और कीमतों में इजाफा किया गया है।