CG News : कोंडागांव में बुजुर्ग महिलाएं योजनाओं से वंचित: एक साल से नहीं मिली पेंशन, कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं फरियाद लेकर
CG News : सरकार द्वारा चलाई जा रही वृद्धावस्था पेंशन और महतारी वंदन योजना का लाभ कोंडागांव जिले की कई बुजुर्ग महिलाओं को अब तक नहीं मिल पाया है। ग्राम आलीबेड़ा और सिरुपुर पंचायत की लगभग 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं ने योजनाओं की अनदेखी के खिलाफ आवाज़ उठाते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय का रुख किया।
इन महिलाओं ने बताया कि वे पिछले एक साल से संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बार-बार आवेदन दे रही हैं। सभी आवश्यक दस्तावेज भी समय पर जमा कर दिए गए हैं, फिर भी न तो पेंशन की राशि मिली है और न ही अन्य योजनाओं का लाभ। वृद्ध महिलाओं का कहना है कि सरकार की तरफ से मिलने वाली यह ₹1000 की पेंशन राशि उनके लिए जीवन जीने का एकमात्र सहारा है।
बुजुर्गों की कलेक्टर से गुहार
पीड़ित महिलाओं में रामकली, बैहारसगनी, फूलबाई, सुमित्रा, फूलमति, सुमित्रा देवी, तुलसीबाई, सुमित्रा नेताम, लेकबाई और जमकुंवर जैसी बुजुर्ग शामिल हैं। सभी ने कलेक्टर कार्यालय में आवेदन जमा करते हुए अंगूठा लगाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उनका कहना है कि वे सभी पात्रता शर्तों को पूरी करती हैं, बावजूद इसके लाभ से वंचित हैं।
महिलाओं ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें जल्द से जल्द योजनाओं का लाभ दिया जाए, ताकि वे वृद्धावस्था में सम्मानपूर्वक और आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
प्रशासन से क्या है जवाब?
इस मामले में अभी तक जिला प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि कलेक्टर स्तर पर जल्द ही जांच कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
यह मामला न केवल योजनाओं की ज़मीनी हकीकत उजागर करता है, बल्कि यह भी बताता है कि कैसे कई जरूरतमंद महिलाएं आज भी सरकारी मदद के लिए दर-दर भटक रही हैं।