CG News: बिलासपुर में फ्रिज ब्लास्ट से घर में लगी आग, बुजुर्ग महिला की मौत
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, घर में रखे फ्रिज में अचानक धमाका होने के बाद भीषण आग लग गई, इस हादसे में घर के अंदर मौजूद एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई, घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

सरकंडा थाना क्षेत्र की घटना
यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जानकारी के अनुसार 57 वर्षीय जया अग्रवाल लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे अपने घर में रहती थीं, बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही उनके भाई का निधन हुआ था, जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थीं, जबकि उनका परिवार बेंगलुरू में रहता है.
रात में हुआ जोरदार धमाका
रविवार देर रात घर में रखे फ्रिज में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद घर में आग लग गई, धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए, लोगों ने देखा कि गली के एक मकान से आग की लपटें उठ रही हैं.
स्थानीय लोगों ने की आग बुझाने की कोशिश
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पार्षद दिलीप पाटील की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की, साथ ही पुलिस और दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
घर के अंदर मिला महिला का शव
जब आग बुझने के बाद घर के अंदर तलाशी ली गई, तो महिला बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिली, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी, शुरुआत में लोगों को लगा कि गैस सिलेंडर फटने से आग लगी है, लेकिन जांच में सामने आया कि हादसा फ्रिज ब्लास्ट की वजह से हुआ, फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है.