CG News: CGPSC भर्ती मामले में ED की कार्रवाई तेज, पूर्व अध्यक्ष न्यायिक हिरासत में
CG News: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग यानी CGPSC घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय ED ने पूर्व अध्यक्ष टामन सोनवानी को विशेष अदालत में पेश किया, सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, अब ED भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और पैसों के लेनदेन से जुड़े मामलों की जांच करेगी.

पेपर लीक मामले में सामने आए आरोप
जांच एजेंसियों का दावा है कि CGPSC भर्ती प्रक्रिया में कुछ उम्मीदवारों को परीक्षा से जुड़ी अहम जानकारी और प्रश्नपत्र पहले उपलब्ध कराए गए थे, आरोप है कि लीक हुआ प्रश्नपत्र आयोग के माध्यम से कुछ लोगों तक पहुंचा, जिसके बाद इस मामले में कई स्तरों पर जांच शुरू की गई है.
मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की जांच जारी
ED ने टामन सोनवानी को 25 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया था, एजेंसी का कहना है कि पूछताछ में भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी और अवैध आर्थिक लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जांच के दौरान डिजिटल सबूत और वित्तीय रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
CGPSC भर्ती प्रक्रिया पर उठे थे सवाल
यह मामला साल 2020 से 2022 के बीच हुई CGPSC भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ा है, आरोप है कि चयन प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर कुछ प्रभावशाली उम्मीदवारों को फायदा पहुंचाया गया, डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य पदों के चयन को लेकर विवाद बढ़ने के बाद जांच CBI को सौंपी गई थी.
सोनवानी के रिश्तेदारों के चयन पर विवाद
CGPSC 2021 परीक्षा में 171 पदों के लिए भर्ती हुई थी और 11 मई 2023 को परिणाम जारी किया गया था, चयन सूची को लेकर विवाद सामने आया, आरोप है कि तत्कालीन अध्यक्ष टामन सोनवानी के पांच रिश्तेदारों का चयन हुआ था, फिलहाल CBI और ED दोनों एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी.