CG News: छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में ED, EOW और ACB की रेड, शराब-कोल और DMF घोटाले की जांच
CG News: छत्तीसगढ़ में शराब, कोल लेवी और DMF घोटालों से जुड़े मामलों की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED), आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीमें अलग-अलग जिलों में सक्रिय हैं. शुक्रवार को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, गरियाबंद और कोरबा में कई कारोबारियों और अन्य लोगों के घरों तथा व्यावसायिक परिसरों पर छापेमारी की गई.
रायपुर में अनवर ढेबर और सुदर्शन शर्मा के ठिकानों पर जांच
राजधानी रायपुर में ED की टीम शराब घोटाले से जुड़े मामले में कारोबारी अनवर ढेबर के घर जांच कर रही है. वहीं, EOW की टीम VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पर पहुंची है. यहां दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की पड़ताल की जा रही है. सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर हुई कार्रवाई को भी शराब घोटाले की जांच से जुड़ा बताया जा रहा है. रायपुर में तीन से चार स्थानों पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है.
राजनांदगांव में वैभव गोलछा और जय बग्गा के यहां रेड
राजनांदगांव में रायपुर से पहुंची करीब 20 अधिकारियों की टीम ने दो कारोबारियों के घर और व्यावसायिक परिसरों में एक साथ छापेमारी की. EOW की एक टीम ने सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के मकान में जांच शुरू की, जबकि दूसरी टीम लालबाग में कारोबारी जय बग्गा के घर और व्यावसायिक परिसर पहुंची, दोनों कारोबारियों को पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा का करीबी बताया जा रहा है. जांच के दौरान टीम दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और मोबाइल फोन तथा लैपटॉप जैसे डिजिटल उपकरणों की पड़ताल कर रही है, दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित वसुंधरा नगर में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर सुबह करीब 8 बजे EOW और ACB की टीम पहुंची. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उनके साले संतोष सिंह से जुड़े मामले में की जा रही है. संतोष सिंह इसी घर में रहते हैं और ऑयल तथा ट्रांसपोर्ट कारोबार संभालते हैं. टीम यहां संबंधित दस्तावेजों और कारोबारी गतिविधियों की जांच कर रही है.
बिलासपुर में कोल कारोबारी के निवास पर छापा
बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोल कारोबारी शाजिद खान के निवास पर EOW-ACB की टीम ने दबिश दी. कोल लेवी घोटाले से जुड़े मामले में उनके घर और अन्य ठिकानों पर जांच की जा रही है. टीम की ओर से तलाशी के दौरान मिली सामग्री या दस्तावेजों के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है, गरियाबंद जिले के गोबरा नवापारा और राजिम में भी जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है. EOW और ACB की संयुक्त टीम ने कारोबारी विमल पारख और राजा पारख से जुड़े प्रतिष्ठानों शांति विजय और नवकार ज्वेलर्स में छापेमारी की. इसके अलावा राजा पारख के निवास पर भी जांच की जा रही है. यह कार्रवाई कोल लेवी घोटाले की जांच के सिलसिले में बताई जा रही है.
कोरबा में DMF घोटाले की जांच
कोरबा जिले के कटघोरा में DMF घोटाले की जांच के तहत EOW की टीम ने नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकानों पर कार्रवाई की. दोनों स्थानों पर दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की जा रही है. फिलहाल एजेंसी की ओर से कार्रवाई के कारणों और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है, शराब, कोल लेवी और DMF से जुड़े मामलों में अलग-अलग जिलों में जारी छापेमारी के दौरान जांच एजेंसियां दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और डिजिटल उपकरणों की पड़ताल कर रही हैं. कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं और आगे किन लोगों से पूछताछ या कार्रवाई की जाएगी.
One thought on “CG News: छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में ED, EOW और ACB की रेड, शराब-कोल और DMF घोटाले की जांच”