CG News: छत्तीसगढ़ में जल्द शुरू होगी ई बस सेवा, चार शहरों को मिली 240 बसों की मंजूरी
CG News: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर और आधुनिक बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है, प्रधानमंत्री ई बस सेवा योजना के तहत सबसे पहले दुर्ग भिलाई में बसों का संचालन शुरू किए जाने की संभावना है, इसके बाद बिलासपुर और रायपुर में भी इस सुविधा को शुरू करने की योजना है.

दुर्ग भिलाई में तैयारियां पूरी
अधिकारियों के मुताबिक दुर्ग भिलाई में बस संचालन के लिए एजेंसी का चयन और जरूरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम काफी हद तक पूरे कर लिए गए हैं, वहीं रायपुर में डिपो समेत दूसरी व्यवस्थाओं का काम अभी बाकी है, जिसके चलते वहां सेवा शुरू होने में ज्यादा समय लग सकता है.
चार शहरों को मिली 240 बसें
साल 2024 में प्रधानमंत्री ई बस सेवा योजना के तहत छत्तीसगढ़ के चार प्रमुख शहरों के लिए कुल 240 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी मिली थी, इनमें रायपुर के लिए 100, बिलासपुर के लिए 50, दुर्ग भिलाई के लिए 50 और कोरबा के लिए 40 बसें शामिल हैं, अब इन बसों को सड़कों पर उतारने की तैयारी की जा रही है.
चार्जिंग और बिजली व्यवस्था पर काम
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग डिपो, बिजली कनेक्शन और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, इन व्यवस्थाओं के तैयार होने के बाद बस सेवा को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा सकता है, अधिकारियों का फोकस संचालन के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर है.
प्रदूषण कम करने में मिलेगी मदद
ई बस सेवा शुरू होने से सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने के साथ डीजल से चलने वाले वाहनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है, इससे शहरों में प्रदूषण घटाने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने का लक्ष्य है, फिलहाल कई शहरों में लोग निजी वाहनों और सीमित सिटी बस सेवाओं पर निर्भर हैं.