CG News : शराब घोटाला केस में झारखंड ACB की बड़ी कार्रवाई, रायपुर-दुर्ग में छापेमारी

CG News : शराब घोटाला केस में झारखंड ACB की बड़ी कार्रवाई, रायपुर-दुर्ग में छापेमारी

झारखंड से जुड़े शराब घोटाले की जांच में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ा कदम उठाया है। जांच एजेंसी ने छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग जिलों में एक साथ छापेमारी की कार्रवाई शुरू की है। रायपुर के अशोका रत्न इलाके में शराब कारोबारी सौरभ केड़िया से जुड़े ठिकानों पर दस्तावेजों की गहन तलाशी ली जा रही है, वहीं दुर्ग जिले में भी कई स्थानों पर जांच जारी है।

झारखंड शराब घोटाले की कड़ी छत्तीसगढ़ से जुड़ी

बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई झारखंड में सामने आए शराब घोटाले के नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की परतें खोलने के उद्देश्य से की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि छत्तीसगढ़ के कारोबारी किस तरह इस कथित घोटाले से जुड़े हुए थे।

गोवा से गिरफ्तारी के बाद तेज हुई जांच

इससे पहले झारखंड ACB/EOW ने केडिया डिस्टिलरी के मालिक नवीन केडिया को गोवा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। इसी पूछताछ के दौरान छत्तीसगढ़ से जुड़े ठिकानों के इनपुट सामने आने के बाद छापेमारी की कार्रवाई की गई।

136 करोड़ के राजस्व नुकसान का आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, नवीन केडिया की कंपनियों द्वारा झारखंड में देशी शराब की सप्लाई की जाती थी। आरोप है कि इस सप्लाई सिस्टम के कारण राज्य सरकार को करीब 136 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि सप्लाई की गई हर कार्टन पर 300 से 600 रुपये तक का कथित कमीशन दिया जाता था।

जांच जारी, और खुलासों की संभावना

ACB अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अभी शुरुआती चरण में है। छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ी-दर-कड़ी पड़ताल कर रही हैं।

यह भी पढ़ें : CG News: सुप्रीम कोर्ट में कवासी की जमानत पर सुनवाई, फैसला 20 जनवरी तक टला

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

panel21.com - panel21 Resources and Information.