CG News : धमधा में आंधी और बारिश ने किसानों की फसल तबाह की, 500 एकड़ में केला-पपीता-आम बर्बाद
CG News : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र में गुरुवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी ने खेतों में तैयार खड़ी फलों की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। केला, आम, पपीता और चीकू की फसल जमीन पर बिछ गई।
तेज आंधी ने किसानों की उम्मीदें उड़ा दीं
धौराभाठा गांव में स्थित जेएस फार्म हाउस में पूरी तरह से जैविक खेती की जाती है, जहां इस बार करीब 500 एकड़ में फलों की खेती की गई थी। यहां केला, आम, पपीता और चीकू की मुख्य फसल तैयार हो रही थी। लेकिन आंधी ने सभी पेड़ों को धराशायी कर दिया।
किसानों को 70-80 लाख का नुकसान
किसान राजेश पुनिया ने बताया कि सिर्फ उनके फार्म में ही 70-80 लाख रुपए की फसल बर्बाद हो गई है। क्षेत्र के अन्य छोटे किसानों की भी यही हालत है। अधिकांश किसानों का जीवन यापन फलों की फसल पर ही निर्भर है। अब उनके सामने रोज़मर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट आ खड़ा हुआ है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को 70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी आई और बारिश भी हुई, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ। इसके बाद उद्यानिकी विभाग की टीम सर्वे करने मौके पर पहुंची।
बीमा लेने वालों को मिलेगा लाभ,
उद्यानिकी अधिकारी प्रमोद धनेंद्र ने बताया कि जिन किसानों ने “पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना” के तहत बीमा कराया था, उन्हें 72 घंटे के अंदर सूचना देना जरूरी है। उनके नुकसान का सर्वे किया जा रहा है। वहीं, जिन किसानों ने बीमा नहीं लिया था, उन्हें राज्य सरकार की दूसरी योजनाओं के तहत राहत देने पर विचार किया जा रहा है।