CG News: जीवित व्यक्ति का बना मृत्यु प्रमाण पत्र, भाटापारा में प्रशासनिक लापरवाही पर हड़कंप
CG News: छत्तीसगढ़ के भाटापारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धुर्राबंधा से सरकारी दस्तावेजों में भारी लापरवाही और फर्जीवाड़े का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पंचायत और राजस्व अमले की लापरवाही के कारण एक जीवित व्यक्ति के नाम पर बाकायदा मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है. इस खबर के सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
2026 में जारी किया गया प्रमाण पत्र
मामले में सामने आए आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, संबंधित व्यक्ति की मृत्यु की तारीख 15 फरवरी 1970 दर्ज की गई है, जबकि यह मृत्यु प्रमाण पत्र 7 अप्रैल 2026 को जारी किया गया. यानी जिस व्यक्ति की मृत्यु करीब 56 साल पहले होना कागजों में दिखाया गया है, वह व्यक्ति आज भी पूरी तरह जीवित है.
ग्रामीण ने SDM कार्यालय में दर्ज कराई लिखित शिकायत
इस पूरे फर्जीवाड़े को लेकर ग्राम निवासी राजेश अग्रवाल ने भाटापारा एसडीएम (SDM) कार्यालय में लिखित आवेदन सौंपकर जांच की मांग की है. शिकायतकर्ता का कहना है कि जिस व्यक्ति का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी हुआ है, वह उनके सामने जीवित मौजूद है. ऐसे में यह सवाल उठता है कि बिना किसी जांच और सत्यापन के इतना महत्वपूर्ण दस्तावेज कैसे जारी कर दिया गया.
ग्राम पंचायत सचिव और जांच प्रक्रिया पर उठे सवाल
शिकायत में ग्राम पंचायत सचिव और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की कड़ाई से जांच करने की मांग की गई है. ग्रामीणों का सवाल है कि 56 साल पुरानी मौत का दावा करने वाले आवेदन का सत्यापन आखिर किस आधार पर किया गया और क्या इसमें कोई बड़ा भूमि या संपत्ति विवाद से जुड़ा षड्यंत्र तो शामिल नहीं है.
प्रशासनिक जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
फिलहाल इस पूरे मामले पर प्रशासनिक जांच शुरू होना बाकी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि जीवित व्यक्ति के नाम पर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के पीछे क्या वजह रही. जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही दोषी कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा.
One thought on “CG News: जीवित व्यक्ति का बना मृत्यु प्रमाण पत्र, भाटापारा में प्रशासनिक लापरवाही पर हड़कंप”