CG News: बिहान योजना की सीआरपी महिलाओं का प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
CG News: छत्तीसगढ़ में बिहान योजना के तहत काम करने वाली सीआरपी और सक्रिय महिला संघ की सदस्यों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है, बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने शासन को ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है.
महिलाओं ने रखीं 8 प्रमुख मांगें
महिला कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कई मांगें रखी हैं, उनका कहना है कि उन्हें वर्तमान में केवल ₹1910 प्रतिमाह मानदेय मिलता है, जिससे परिवार चलाना बेहद मुश्किल है, उन्होंने मानदेय को छत्तीसगढ़ न्यूनतम वेतन अधिनियम के तहत बढ़ाने की मांग की है.

मोबाइल और इंटरनेट भत्ता की मांग
महिलाओं का कहना है कि उनका अधिकांश काम मोबाइल एप और ऑनलाइन माध्यम से कराया जाता है, लेकिन मोबाइल और इंटरनेट का खर्च उन्हें खुद उठाना पड़ता है, इसलिए उन्होंने सरकारी मोबाइल और इंटरनेट भत्ता देने की मांग की है.
यात्रा भत्ता और नियमितीकरण की मांग
सीआरपी महिलाओं का कहना है कि क्लस्टर और जनपद स्तर की बैठकों में शामिल होने के लिए उन्हें किसी तरह का यात्रा भत्ता नहीं मिलता, उन्होंने TA/DA लागू करने, नियमितीकरण करने और औपचारिक नियुक्ति पत्र जारी करने की भी मांग की है, महिलाओं का आरोप है कि कई ब्लॉकों में उनका मानदेय 5 से 6 महीने की देरी से मिलता है, उन्होंने मांग की है कि हर महीने समय पर मानदेय सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाए.
“लखपति दीदी” योजना को लेकर नाराजगी
महिलाओं ने ज्ञापन में कहा कि सरकार “लखपति दीदी” योजना का प्रचार तो कर रही है, लेकिन जमीन पर काम करने वाली महिलाओं की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, बजट में भी उनके लिए कोई ठोस घोषणा नहीं की गई, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है.
अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
सक्रिय महिला संघ की अध्यक्ष पदमा पाटील और महासचिव बिन्दु यादव ने बताया कि जनवरी से लगातार प्रदर्शन और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला है, उन्होंने कहा कि शासन के उदासीन रवैये के कारण अब प्रदेशभर की महिलाएं काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गई हैं, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा.