CG News: रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर शुरू होगी नारियल पानी की सुविधा
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर पहली बार यात्रियों को नारियल पानी की सुविधा मिलने जा रही है। रेलवे ने गर्मी के मौसम में यात्रियों को ताजगी और स्वास्थ्यवर्धक पेय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह नई पहल शुरू की है।
प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 पर होगी बिक्री
रेलवे की योजना के तहत प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 पर कच्चे नारियल की बिक्री के लिए विशेष कैटरिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। इससे यात्रियों को सफर के दौरान आसानी से ताजा नारियल पानी उपलब्ध हो सकेगा।
न्यू इनोवेटिव आइडिया योजना का हिस्सा
यह सुविधा रेलवे की ‘न्यू इनोवेटिव आइडिया योजना’ के अंतर्गत शुरू की जा रही है। इससे पहले इसी योजना के तहत मसाज सेंटर, ट्रैवलर्स बुकिंग और अन्य कई नई सुविधाएं यात्रियों को दी जा चुकी हैं। अब नारियल पानी को भी इस सूची में शामिल किया गया है।
टेंडर प्रक्रिया हुई पूरी
रेलवे प्रशासन ने इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब जल्द ही स्टेशन पर नारियल पानी की बिक्री शुरू होने की उम्मीद है। इससे खासकर लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
चाय-कॉफी के साथ नया विकल्प
रेलवे स्टेशनों पर चाय और कॉफी आसानी से उपलब्ध रहती है, लेकिन कई यात्री स्वास्थ्य कारणों से इनका सेवन नहीं करते। ऐसे यात्रियों के लिए नारियल पानी एक प्राकृतिक, पौष्टिक और ताजगी देने वाला विकल्प साबित होगा।
उचित कीमत तय करने के लिए सर्वे
रेलवे प्रशासन चाहता है कि यात्रियों को नारियल पानी उचित दर पर उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए बाजार सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बिक्री मूल्य का सही निर्धारण किया जा सके और यात्रियों को अनावश्यक अतिरिक्त कीमत न चुकानी पड़े।