CG News: महतारी वंदन योजना में बड़ा अपडेट, 27 हजार अपात्र हितग्राहियों से राशि की होगी वसूली, नए आवेदन भी जल्द शुरू
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना में बड़ा अपडेट सामने आया है. योजना के तहत अपात्र पाए गए करीब 27 हजार हितग्राहियों से अब राशि की वसूली की जा रही है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक लगभग 9 करोड़ रुपये की रिकवरी की जा चुकी है, जबकि आगे करीब 8 करोड़ रुपये और वसूले जाने की प्रक्रिया चल रही है.
KYC जांच में सामने आए अपात्र मामले
सरकार द्वारा समय-समय पर कराई गई KYC और दस्तावेजों की जांच में कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें पात्रता समाप्त होने के बावजूद लाभार्थियों को योजना की किस्त मिलती रही. जांच के बाद ऐसे हितग्राहियों का भुगतान रोक दिया गया और अब उनसे राशि वापस ली जा रही है. कुछ जिलों में सबसे अधिक अपात्र मामलों की पहचान हुई है.
इन कारणों से निरस्त हुए आवेदन
जांच में सबसे बड़ी वजह एक ही महिला द्वारा दो या उससे अधिक आवेदन करना सामने आया. इसके अलावा शासकीय सेवा में कार्यरत होने जैसी वजहों से भी कई हितग्राही योजना के लिए अपात्र पाए गए. विभाग ने ऐसे सभी मामलों की समीक्षा कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
68 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रहा लाभ
फिलहाल महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है. सरकार का कहना है कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ लगातार मिलता रहेगा, जबकि अपात्र मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
जल्द शुरू होंगे नए आवेदन
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार महतारी वंदन योजना के लिए जल्द ही नए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोला जाएगा. शुरुआत बस्तर संभाग से की जाएगी, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में नए पंजीयन की प्रक्रिया शुरू होगी.