CG News: छत्तीसगढ़ में भारतमाला घोटाले की जांच तेज, पूर्व मंत्री के रिश्तेदार और कारोबारियों के ठिकानों पर ED की छापेमारी
CG News: छत्तीसगढ़ के चर्चित भारतमाला घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। सोमवार तड़के धमतरी जिले के कुरुद में पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के चचेरे भाई भूपेंद्र चंद्राकर के ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसके साथ ही जमीन कारोबारी गोपाल गांधी और उनसे जुड़े अन्य स्थानों पर भी दबिश दी गई।
सुबह-सुबह पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब तीन गाड़ियों में 12 से अधिक ईडी अधिकारी भूपेंद्र चंद्राकर के घर पहुंचे। टीम ने घर को अंदर से लॉक कर दस्तावेजों की जांच शुरू की। सुरक्षा के लिए सुरक्षाबल भी मौके पर तैनात हैं।
करोड़ों के मुआवजा घोटाले का आरोप
आरोप है कि भारतमाला परियोजना के तहत जमीन अधिग्रहण में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गईं। भूपेंद्र चंद्राकर पर आरोप है कि उन्होंने अपने करीबियों को अभनपुर, दुर्ग, पाटन, राजनांदगांव और मगरलोड जैसे क्षेत्रों में करोड़ों रुपये का मुआवजा दिलवाया।
500 करोड़ से ज्यादा घोटाले की आशंका
रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए जमीन अधिग्रहण में 500 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले की आशंका जताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि कृषि भूमि को बैकडेट में गैर-कृषि घोषित कर मुआवजा कई गुना बढ़ाया गया।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले भी ईडी रायपुर और अभनपुर में गोपाल गांधी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर अहम दस्तावेज जब्त कर चुकी है। कई जिलों में कार्रवाई के दौरान करोड़ों की संपत्ति भी अटैच की गई है।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हालांकि, प्रवर्तन निदेशालय ने अब तक इस छापेमारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारी इस पूरे मामले में फिलहाल मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं।