CG News : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस सतर्क, धरमजयगढ़ में 12 संदिग्धों पर कार्रवाई – बांग्लादेशियों की तलाश जारी
CG News : कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस भी हाई अलर्ट पर है। जिले में बाहरी राज्यों और विशेषकर बांग्लादेशी घुसपैठियों की आशंका को देखते हुए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने 12 संदिग्ध लोगों के खिलाफ माइनर एक्ट की धारा 128 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
जानिए पूरा मामला
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के कॉलोनी, बायसी, सागरपुर और वार्ड क्रमांक 6 जैसे इलाकों में पुलिस ने दबिश दी। इन मोहल्लों में पश्चिम बंगाल से आकर रह रहे लोगों की संख्या अधिक पाई गई। इनमें से कई सालों से यहां बसे हुए हैं, लेकिन पुलिस जांच के दौरान कई लोगों के पास न तो कोई वैध दस्तावेज मिले और न ही थाना में कोई पंजीयन कराया गया था।
थाना प्रभारी कमला पुसाम ने जानकारी दी कि अब तक किसी भी संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक का पता नहीं चला है, लेकिन पश्चिम बंगाल के 12 ऐसे लोग जरूर मिले हैं जो स्थानीय थाना को बिना सूचना दिए रह रहे थे। इन सभी पर कार्रवाई करते हुए आगे की जांच की जा रही है।
सुरक्षा बढ़ी, हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर
पुलिस विभाग पूरे जिले में संवेदनशील क्षेत्रों और बाहरी लोगों की आवाजाही पर विशेष नजर रखे हुए है। संदिग्धों की शिनाख्त और उनकी पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना से पहले सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों से की जा रही अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने आसपास के इलाकों में अगर किसी नए व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त देखें या बिना पहचान पत्र के रह रहा हो, तो तुरंत नजदीकी थाना को सूचना दें। धरमजयगढ़ में हुई इस कार्रवाई से साफ है कि पुलिस अब हर स्तर पर अलर्ट है। आने वाले दिनों में जांच और तेज हो सकती है। पुलिस का उद्देश्य है कि राज्य की सीमाओं में कोई भी अवांछित तत्व प्रवेश न कर सके और प्रदेश में शांति व्यवस्था बनी रहे।