CG News: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में 20 नेताओं की घर वापसी, 16 मामलों पर फैसला अभी बाकी
CG News: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अलग-अलग जिलों के 20 निष्कासित नेताओं और कार्यकर्ताओं का निष्कासन रद्द कर दिया है. प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की 18 सितंबर को हुई बैठक में निष्कासित नेताओं से जुड़े 36 मामलों पर विचार किया गया था. इसके बाद 20 मामलों में निष्कासन तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया गया.
रायपुर और मुंगेली के नेताओं को राहत
पहली सूची में रायपुर, मुंगेली, गरियाबंद, कोंडागांव और राजनांदगांव के नेताओं के नाम शामिल हैं. रायपुर से आनंद कुकरेजा, पूनम पांडेय और विशाल रजानी का निष्कासन रद्द किया गया है. वहीं मुंगेली से विनय चोपड़ा को भी राहत मिली है. निष्कासन रद्द होने के बाद संबंधित नेताओं के लिए संगठन में दोबारा सक्रिय होने का रास्ता खुल गया है.
गरियाबंद और कोंडागांव के नाम भी शामिल
गरियाबंद से गोरेलाल सिन्हा, राधोवा महाड़िक, भविष्य प्रधान, ऋतिक सिन्हा और भानुप्रताप साहू का निष्कासन रद्द किया गया है. वहीं कोंडागांव से सुशील सोनी का नाम सूची में शामिल है. पार्टी की ओर से जारी आदेश में इन नेताओं का निष्कासन तत्काल प्रभाव से रद्द किए जाने की बात कही गई है.
राजनांदगांव से 10 नेताओं की वापसी
राजनांदगांव जिले से सगीर खान, सिद्धार्थ डोंगरे, राजेश गुप्ता, जितेश सिमनकर, सकूर चौहान, सुनीता सिन्हा, आशीष सोनकर, शशांक डोंगरे, अंजू बंजारे और श्यामबती सिन्हा का निष्कासन रद्द किया गया है. उपलब्ध सूची में राजनांदगांव से कुल 10 नाम दर्ज हैं.
16 मामलों पर फैसला अभी बाकी
अनुशासन समिति के सामने कुल 36 मामले रखे गए थे, जिनमें से 20 में निष्कासन रद्द करने का फैसला हुआ है. बाकी 16 मामलों पर अभी निर्णय लंबित है. इनमें अमित जोगी, रेणु जोगी और बृहस्पति सिंह से जुड़े मामले भी शामिल बताए गए हैं. प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी आदेश प्रभारी महामंत्री संगठन एवं प्रशासन मलकीत सिंह गैदू ने जारी किया है.