CG News: बिलासपुर में ICICI बैंक में 1.38 करोड़ की धोखाधड़ी, डिप्टी ब्रांच मैनेजर पति संग फरार
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक चौंकाने वाला बैंकिंग घोटाला सामने आया है, जहां ICICI बैंक की डिप्टी ब्रांच मैनेजर ने अपने पति के साथ मिलकर करीब 1 करोड़ 38 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। इस मामले में कई अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है।
ऑडिट में खुली पोल
मंगला स्थित बैंक शाखा में गड़बड़ी का खुलासा तब हुआ जब ब्रांच मैनेजर ने वित्तीय लेन-देन की जांच की। जांच के दौरान रिपोर्ट का एक अहम पन्ना गायब मिला, जिसे जानबूझकर हटाया गया था। इसके बाद विस्तृत ऑडिट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई।
नकली गहने रखकर असली सोना गायब
जांच में पता चला कि गोल्ड लोन के पाउचों में असली सोने की जगह नकली गहने रख दिए गए थे। यानी ग्राहकों का असली सोना गायब कर दिया गया था, जिससे बैंक और ग्राहकों दोनों को बड़ा नुकसान हुआ।
फर्जी हस्ताक्षर से लाखों का खेल
आरोपी ने ग्राहकों के फर्जी हस्ताक्षर कर करीब 87.95 लाख रुपये के 14 अवैध ट्रांजैक्शन किए। इतना ही नहीं, एक महिला ग्राहक की FD पर ओवरड्राफ्ट लेकर उसकी जमा राशि में से 28.29 लाख रुपये बिना अनुमति निकाल लिए गए।
रिकॉर्ड भी किए गायब
मामले की जांच में कई ग्राहकों के FD और निवेश से जुड़े दस्तावेज और वाउचर भी बैंक रिकॉर्ड से गायब पाए गए। यह पूरा घोटाला अगस्त 2024 से सितंबर 2025 के बीच अंजाम दिया गया।
पति के साथ मिलकर रची साजिश
इस पूरे मामले में डिप्टी ब्रांच मैनेजर और उसका पति, जो खुद बैंक कर्मचारी था, मुख्य आरोपी हैं। बताया जा रहा है कि महिला अधिकारी ग्राहकों के घर जाकर बैंकिंग सेवा के बहाने उनके मोबाइल ऐप का एक्सेस लेती थी और फिर धोखाधड़ी करती थी, घटना सामने आने के बाद से दोनों आरोपी 22 सितंबर 2025 से फरार हैं।
पुलिस जांच जारी
ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।