CG News: माघ पूर्णिमा पर दामाखेड़ा में CM साय, संत समागम को 75 लाख की सौगात
CG News: माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए, इस दौरान उन्होंने पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब एवं पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहब को चादर और श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की.

संत समागम के लिए बढ़ा अनुदान
मुख्यमंत्री साय ने संत समागम समारोह के लिए दी जाने वाली अनुदान राशि को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा की, उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
छत्तीसगढ़ विकास की राह पर तेज़ी से आगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि, छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की दिशा में अग्रसर है, सरकार का लक्ष्य राज्य को हर क्षेत्र में आगे ले जाकर एक विकसित और समृद्ध प्रदेश के रूप में स्थापित करना है.

कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन पर प्रभाव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन में व्यापक और गहरा प्रभाव है, जिसके कारण यहां के लोग शांतिप्रिय और सहिष्णु हैं, उन्होंने बताया कि, वे बचपन से ही कबीरपंथ से परिचित रहे हैं और उनके गांव बगिया में भी 8 से 10 कबीरपंथी परिवार निवास करते हैं.
दामाखेड़ा बनेगा ‘कबीर धर्मनगर’
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि, दामाखेड़ा को ‘कबीर धर्मनगर’ नाम दिए जाने संबंधी राजपत्र प्रकाशन की अंतिम प्रक्रिया जारी है, जिसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा.
डबल इंजन सरकार का सीधा लाभ
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, डबल इंजन सरकार का सीधा लाभ प्रदेशवासियों को मिल रहा है, सरकार जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूरा कर रही है.

नक्सलवाद पर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि, छत्तीसगढ़ के विकास में सबसे बड़ी बाधा नक्सलवाद अब जल्द ही जड़ से समाप्त होने वाला है, उन्होंने दावा किया कि, 31 मार्च 2026 तक प्रदेश से नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा.
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का संबोधन
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक समारोह अत्यंत अद्भुत और अलौकिक रहा, उन्होंने कहा कि, पंथ श्री द्वारा वृक्षारोपण, समाज सेवा, नशामुक्ति एवं युवा उत्थान के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं.
कबीरपंथी समाज की ओर से स्वागत
समारोह में पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहब ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कबीरपंथी समाज की ओर से आत्मीय स्वागत किया, उन्होंने बताया कि, बसंत पंचमी के अवसर पर कबीरपंथ के 16वें वंशाचार्य पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक विधिवत संपन्न हुआ.
देश-विदेश से पहुंचे संत
उन्होंने बताया कि, इस वर्ष माघ मेला में देश के विभिन्न प्रांतों के साथ-साथ विदेशों से भी कबीरपंथी संत शामिल हुए हैं, आयोजन को शासन-प्रशासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ, कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, भाटापारा विधायक इंद्र साव, विधायक श्रीमती भावना बोहरा, ईश्वर साहु, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित बड़ी संख्या में कबीरपंथी श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे.