CG News: बालोद के पाटेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, भारी सुरक्षा के बीच हुई देव जातरा
CG News: बालोद के पाटेश्वर धाम में आदिवासी समाज की पारंपरिक देव जातरा भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। हालिया विवाद के बाद आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रशासन ने तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए थे और पूरे आयोजन पर कड़ी नजर रखी।
हजारों श्रद्धालुओं ने कठिन पहाड़ी चढ़कर किए दर्शन
बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड स्थित तुएगोंदी गांव के पाटेश्वर धाम में शनिवार को आदिवासी समाज की पारंपरिक देव जातरा श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित हुई। इस धार्मिक आयोजन में बालोद सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने करीब चार किलोमीटर लंबे पथरीले और दुर्गम पहाड़ी रास्ते को पार कर पहाड़ी पर विराजमान पाट बाबा और नीचे स्थित जलकैना में पूजा-अर्चना की। परंपरा के अनुसार जीव सेवा कर समाज की धार्मिक परंपराओं का निर्वहन भी किया गया।
हालिया विवाद के बाद प्रशासन रहा पूरी तरह सतर्क
पाटेश्वर धाम को लेकर हाल ही में हुए विवाद के कारण इस बार की देव जातरा प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण मानी जा रही थी। आदिवासी समाज ने धाम की वन भूमि पर कथित अतिक्रमण और अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जलकैना क्षेत्र से सटी बाउंड्री वॉल को हटाया और समाज के प्रतिनिधियों के साथ कई दौर की बैठकें कर शांतिपूर्ण आयोजन का रास्ता तैयार किया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब तीन हजार से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए।
दिव्यांग श्रद्धालु की आस्था बनी आकर्षण का केंद्र
देव जातरा के दौरान एक पैर से दिव्यांग अनिल नेताम बैसाखी के सहारे चार किलोमीटर की कठिन चढ़ाई तय कर पाट बाबा के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह उनके समाज की आस्था का सबसे बड़ा पर्व है और पाट बाबा का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य की बात है। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना के बिना देव जातरा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई।