CG News: धमतरी में भीषण सड़क हादसा: 201 कोबरा बटालियन के 4 जवान शहीद, एक गंभीर घायल
CG News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, यह हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी बाईपास के पास हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, जगदलपुर स्थित 201 कोबरा बटालियन से जवानों को लेकर आ रही एक डिजायर कार खपरी बाईपास के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई.
रेस्क्यू ऑपरेशन: गैस कटर से निकाले गए जवान
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे, कार में फंसे जवानों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई, कड़ी मशक्कत के बाद सभी जवानों को बाहर निकाला गया.
चार जवानों की मौत, एक की हालत गंभीर
दुर्घटना में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं, गंभीर रूप से घायल दो जवानों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया, एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है.
पुलिस जांच में जुटी
छत्तीसगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत कार्रवाई की जा रही है, यह हादसा सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी क्षति है और पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है.