जगदलपुर में अवैध नल कनेक्शन पर सख्ती: 17 फरवरी से डोर-टू-डोर जांच, बकायादारों के कटेंगे कनेक्शन
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में अवैध नल कनेक्शन और जलकर बकाया को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। जगदलपुर नगर निगम ने 17 फरवरी से डोर-टू-डोर जांच अभियान शुरू करने की घोषणा की है। अभियान के दौरान अवैध नल कनेक्शन लेने वालों और जलकर बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
24 हजार पंजीकृत उपभोक्ता, फिर भी अवैध कनेक्शन
निगम प्रशासन के अनुसार, शहर में 24 हजार से अधिक जलकर दाता पंजीकृत हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में अवैध नल कनेक्शन संचालित होने की जानकारी मिली है। कुछ मामलों में यह भी पाया गया है कि उपभोक्ताओं ने निर्धारित मानक से बड़े पाइप लगा रखे हैं, जिससे जल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
महापौर ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
महापौर संजय पांडे ने स्पष्ट किया है कि अवैध कनेक्शन धारकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जल कार्य विभाग के सभापति सुरेश गुप्ता ने बताया कि 17 फरवरी से प्रत्येक वार्ड में जांच की जाएगी। जिन उपभोक्ताओं का जलकर बकाया मिलेगा, उन्हें तुरंत भुगतान के निर्देश दिए जाएंगे।
भुगतान नहीं करने पर कटेगा कनेक्शन
निगम ने स्पष्ट किया है कि तय समय में बकाया राशि जमा नहीं करने पर नियमानुसार नल कनेक्शन काट दिए जाएंगे। बकायादारों को अंतिम चेतावनी जारी कर शीघ्र भुगतान करने की अपील की गई है।
स्वेच्छा से कनेक्शन वैध कराने का अवसर
जिन नागरिकों ने अवैध कनेक्शन ले रखे हैं, उन्हें स्वेच्छा से आगे आकर कनेक्शन वैध कराने का मौका दिया जा रहा है। हालांकि जांच में अवैध कनेक्शन मिलने पर अतिरिक्त आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि जांच के दौरान पीएचई अमले का सहयोग करें।