CG News: जशपुर में फेयरवेल के बाद छात्रों का खतरनाक स्टंट, चलती कार से लटकते हुए वीडियो वायरल
CG News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में फेयरवेल कार्यक्रम के बाद कुछ छात्र कार और बाइक से खतरनाक स्टंट करते नजर आए, वायरल वीडियो में छात्र चलती कार से बाहर लटकते और हुड़दंग मचाते दिखाई दे रहे हैं, मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है.

चलती कार से लटका छात्र, हाथ में बोतल
वायरल वीडियो में एक छात्र कार की खिड़की से बाहर लटककर कथित तौर पर शराब की बोतल लहराते दिख रहा है, कुछ छात्र-छात्राएं कार की विंडो पर बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि चालक तेज रफ्तार में ड्रिफ्ट करता दिखाई देता है, यह घटना जशपुर-किनकेल रोड की बताई जा रही है.
इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया वीडियो
स्टंट का वीडियो हरियाणवी गाने के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया है, हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि, संबंधित छात्र किस स्कूल से जुड़े हैं.
पहले भी कर चुके हैं खतरनाक करतब
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब पांच दिन पहले भी यही युवक शहर के गौरव पथ पर स्कॉर्पियो वाहन में इसी तरह के स्टंट करते नजर आए थे, उस समय भी वाहन के दरवाजे खोलकर युवक बाहर लटकते दिखाई दिए थे, लेकिन मामला औपचारिक रूप से सामने नहीं आ पाया था.
सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने सड़क सुरक्षा और युवाओं की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, तेज रफ्तार और स्टंटबाजी न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है, पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है.