CG News: छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं का कहर, जांजगीर, राजनांदगांव और सूरजपुर में गई 5 जिंदगियां
CG News: छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जिलों से सड़क हादसों की दर्दनाक खबरें सामने आई हैं, जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव और सूरजपुर जिले में हुए तीन अलग-अलग हादसों में कुल 5 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, सभी मामलों में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसों की बड़ी वजह माना जा रहा है.
जांजगीर-चांपा: ट्रेलरों की टक्कर के बाद लगी आग
पहला मामला जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र का है, अकलतरा-बलौदा मुख्य मार्ग पर कोटगढ़ के पास सुबह करीब 5 बजे तीन ट्रेलर आपस में टकरा गए, टक्कर इतनी भीषण थी कि, गाड़ियों में आग लग गई, आग की चपेट में आने से एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, वहीं एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया.

राजनांदगांव: मेला देखकर लौट रहे परिवार पर टूटा कहर
दूसरी घटना राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र की है, शनिवार शाम मेला देखकर लौट रहे पांच लोग बाइक से घर जा रहे थे, इसी दौरान एक ट्रक चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया, जिससे बाइक सीधे ट्रक से टकरा गई, हादसे में मामा और दो भांजों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सूरजपुर: तेज रफ्तार पिकअप ने दो बाइकों को मारी टक्कर
तीसरी घटना सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की है, बैकुंठपुर रोड पर शनिवार रात एक तेज रफ्तार पिकअप ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, इस हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए, स्थानीय लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
जांच में जुटी पुलिस
तीनों मामलों में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, घायलों का इलाज जारी है और मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं, लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.