CG News: छत्तीसगढ़ को ज्ञान और तकनीक का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम, एसटीपीआई के साथ एमओयू पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार राज्य को ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है, आधुनिक अधोसंरचना, प्रभावी ई-गवर्नेंस प्रणाली और निवेश-अनुकूल नीतियों के चलते छत्तीसगढ़ आज आईटी, आईटीईएस और इमरजिंग टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है, यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कही.
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में महत्वपूर्ण एमओयू
मुख्यमंत्री साय ने यह विचार इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के बीच हुए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) के पश्चात व्यक्त किए, इस एमओयू के माध्यम से राज्य में डिजिटल नवाचार और स्टार्ट-अप इकोसिस्टम को सशक्त किया जाएगा.

युवाओं के लिए उद्यमिता और विश्वस्तरीय अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि, यह पहल युवाओं में उद्यमिता की भावना विकसित करने और उन्हें आईटी एवं आईटीईएस जैसे क्षेत्रों मेंविश्वस्तरीय अवसर राज्य के भीतर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है, इस समझौते के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी.
चार प्रमुख क्षेत्रों में मिलेगा नवाचार को बढ़ावा
प्रस्तावित सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) के माध्यम से निम्नलिखित क्षेत्रों में नवाचार और स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन दिया जाएगा,
• आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
• वन एवं औषधीय उत्पाद आधारित मेडटेक
• स्मार्ट सिटी समाधान
• स्मार्ट कृषि
ये क्षेत्र राज्य की प्राकृतिक, तकनीकी और सामाजिक क्षमता को नवाचार से जोड़ेंगे.
अत्याधुनिक ESDD सेंटर की स्थापना
मुख्यमंत्री ने बताया कि, एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी,
जो प्रतिवर्ष लगभग 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और MSME को
• प्रोडक्ट डिजाइन
• प्रोटोटाइपिंग
• कौशल विकास
• क्षमता निर्माण
की सुविधाएँ प्रदान करेगा.
पलायन रुकेगा, स्थानीय रोजगार बढ़ेगा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, इस पहल से प्रदेश के युवाओं को राज्य के भीतर ही इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग और आधुनिक प्रयोगशालाओं की सुविधा मिलेगी, इससे उच्च कौशल वाले युवाओं का बड़े शहरों की ओर पलायन रुकेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्यमिता को मजबूती मिलेगी.
एसटीपीआई का राष्ट्रीय अनुभव बनेगा संबल
मुख्यमंत्री ने एसटीपीआई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्था के सहयोग को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि, देशभर में 68 केंद्रों और 24 सेक्टर-विशेष सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से एसटीपीआई का व्यापक अनुभव छत्तीसगढ़ के स्टार्ट-अप और नवाचार इकोसिस्टम को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा.
राष्ट्रीय पहचान की दिशा में मील का पत्थर
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि, यह एमओयू राज्य के आर्थिक विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा, यह पहल छत्तीसगढ़ को डिजिटल नवाचार, तकनीकी उद्यमिता और स्टार्ट-अप के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई और सशक्त पहचान दिलाएगी.
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर
• मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह
• इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद
• निदेशक, एसटीपीआई रवि वर्मा
• चिप्स के सीईओ प्रभात मलिक
सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.