CG News: कोहरे के वजह ट्रेनें बंद, यात्रियों में बढ़ी नाराजगी
CG News: कोहरे के कारण 66 दिनों के लिए सारनाथ एक्सप्रेस रद्द किए जाने पर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने रेल मंत्री से विरोध जताते हुए नियमित संचालन की मांग की। उन्होंने कहा कि ट्रेन बंद होने से छत्तीसगढ़ व प्रयागराज यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।
विधायक ने जताया कड़ा विरोध
कोहरे का हवाला देकर यात्री ट्रेनों को लगातार रद्द किए जाने के निर्णय पर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। दुर्ग से छपरा तक चलने वाली सारनाथ एक्सप्रेस को 66 दिनों के लिए रद्द किए जाने पर उन्होंने रेल मंत्री को पत्र लिखकर इसे तुरंत बहाल करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोहरे का असर केवल यात्री ट्रेनों पर होता है, मालगाड़ियों पर नहीं।
कोहरे के कारण 247 ट्रेनें रद्द
रेलवे द्वारा देशभर में 50 से 90 दिनों के लिए करीब 247 ट्रेनों को रद्द किया गया है, जिससे करोड़ों यात्रियों की यात्राएं प्रभावित हुई हैं। विधायक अटल श्रीवास्तव ने इसे जनता के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि सारनाथ एक्सप्रेस छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, यूपी और बिहार को जोड़ने वाली अहम ट्रेन है। यह बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
आस्था से जुड़ी ट्रेन को बहाल करने की मांग
उन्होंने कहा कि यह ट्रेन सिर्फ परिवहन का साधन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की आस्था और जरूरत से जुड़ी है। लंबे समय के लिए रद्द होने से क्षेत्र में चिंता और नाराजगी है। उन्होंने रेल मंत्री से कोहरे से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने और यात्री ट्रेनों का संचालन जारी रखने की अपील की।