CG News: 19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी 17 हाथियों के झुंड में शामिल, 20 स्कूलों में छुट्टी
CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में लंबे समय से आतंक का पर्याय बना कबरा हाथी अब वन विभाग के लिए नई चुनौती बन गया है. करीब छह महीने से अकेले विचरण कर रहा यह हाथी अब 17 अन्य हाथियों के समूह में शामिल हो गया है. सोमवार को कुल 18 हाथियों का झुंड उदयपुर ब्लॉक के तेंदूटिकरा और सरमा के जंगलों में पहुंचा. हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है. सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र के 20 स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई.
19 लोगों की मौत के बाद भी जारी रेस्क्यू अभियान
कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग का अभियान लगातार चौथे दिन भी जारी रहा. इस हाथी के हमलों में अब तक 19 लोगों की जान जाने की जानकारी सामने आई है. इनमें से 9 लोगों की मौत नवंबर महीने में हुई है. वन विभाग की परेशानी उस समय और बढ़ गई, जब शुक्रवार को कबरा हाथी दूसरे हाथियों के झुंड में शामिल हो गया. अब उसे अन्य हाथियों से अलग कर सुरक्षित तरीके से पकड़ना विभाग के सामने बड़ी चुनौती है.

दो कुमकी हाथियों की मदद से हो रही तलाश
कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने के लिए विशेषज्ञों की टीम जंगल में लगातार सर्चिंग कर रही है. इस अभियान में बिलासपुर से पहुंचे वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया शामिल हैं. टीम को दो कुमकी हाथियों की मदद भी मिल रही है. वन विभाग की योजना पहले कबरा हाथी को बेहोश करने और इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से रमकोला रेस्क्यू सेंटर पहुंचाने की है.
हाथियों की मौजूदगी से 20 स्कूल बंद
उदयपुर ब्लॉक के सरमा और आसपास के जंगलों में हाथियों का झुंड पहुंचने के बाद शिक्षा विभाग ने एहतियाती कदम उठाया है. सोमवार को इलाके के 20 स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई. प्रभावित स्कूलों में बेलढाब, चकेरी, आमाडुगू, सरमा, बासेन, मोहनपुर और दावा सहित आसपास के क्षेत्रों के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं. प्रशासन का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
ड्रोन से हाथियों की गतिविधियों पर नजर
वन विभाग की अलग-अलग टीमें जंगल और आसपास के इलाकों में निगरानी कर रही हैं. हाथियों के झुंड की लोकेशन पता लगाने के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है. ग्रामीणों को अलर्ट रहने और जंगल की तरफ नहीं जाने की सख्त हिदायत दी गई है. इसके अलावा हाथियों के संभावित मूवमेंट वाले इलाकों में वन अमला लगातार नजर बनाए हुए है.
कबरा को पकड़ना वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती
अब वन विभाग के सामने सबसे अहम चुनौती कबरा हाथी को 17 अन्य हाथियों के समूह से अलग कर सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की है. लगातार लोगों की जान जाने के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है. वहीं, हाथियों के झुंड की मौजूदगी से आसपास के गांवों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. फिलहाल विशेषज्ञों की टीम रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है.
One thought on “CG News: 19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी 17 हाथियों के झुंड में शामिल, 20 स्कूलों में छुट्टी”