CG News: छत्तीसगढ़ में 2 नवंबर तक बारिश की संभावना, कई जिलों में स्कूल बंद, किसानों की बढ़ी चिंता
CG News: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में बना हुआ है. सरगुजा और रायपुर संभाग के कई इलाकों में रातभर से बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.

2 नवंबर तक बारिश जारी रहने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 2 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. किसानों को भी पकी हुई फसलों की कटाई फिलहाल रोकने और पहले से काटकर रखी गई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है.

कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित
लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण प्रदेश के कई जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है. दुर्ग, सरगुजा, कोरिया, बलरामपुर और रायगढ़ में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज शासकीय और अशासकीय स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है. संबंधित जिलों में शिक्षा विभाग की ओर से यह निर्णय मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया गया है.
बारिश से किसानों की मुश्किलें बढ़ीं
लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है. बलरामपुर, मुंगेली और धमतरी में कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल भीग गई है. लगातार नमी बने रहने से धान के दानों की गुणवत्ता खराब होने और उनमें फफूंद लगने का खतरा बढ़ गया है.
खेतों में पानी भरने से धान की फसल को नुकसान
दो दिनों से हो रही बारिश के कारण कई खेतों में पानी भर गया है. वहीं, पककर तैयार खड़ी धान की फसल भी बारिश और तेज हवाओं के चलते जमीन पर गिरने लगी है. इससे किसानों को कटाई और फसल को सुरक्षित रखने में परेशानी हो रही है. यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो फसल की गुणवत्ता और पैदावार पर असर पड़ने की आशंका है.
One thought on “CG News: छत्तीसगढ़ में 2 नवंबर तक बारिश की संभावना, कई जिलों में स्कूल बंद, किसानों की बढ़ी चिंता”