CG News: छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ेगी चिराग पासवान की LJP रामविलास, भूपेश बघेल बोले- आएं और चुनाव लड़ें
CG News: छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारे में अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अपनी सीधी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रही है. रायपुर पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उनकी पार्टी भविष्य में छत्तीसगढ़ के चुनावी मैदान में अपने प्रत्याशी उतारेगी.
छत्तीसगढ़ में मजबूत है जनसमर्थन
चिराग पासवान ने रायपुर एयरपोर्ट और मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित ‘युवा संवाद 2026’ कार्यक्रम के दौरान कहा कि छत्तीसगढ़ उन राज्यों में शामिल है, जहां उनके पिता स्वर्गीय रामविलास पासवान का बड़ा जनाधार रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य में पार्टी का कैडर और संगठन पहले से मजबूत है, इसलिए अब यहां राजनीतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ाई जाएंगी.
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने दी चुनौती
चिराग पासवान के इस ऐलान के बाद राज्य की राजनीति गर्मा गई है. उनके बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि “वे आएं और अपनी पार्टी को राज्य के चुनाव मैदान में उतारें.”
उदाहरण देकर स्पष्ट किए चुनावी संकेत
चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि पार्टी राज्यों में अपने आधार पर फैसले लेती है. उन्होंने नागालैंड का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां LJP के दो विधायक होने के बावजूद पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ा था. उन्होंने कहा कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी पार्टी तैयार है और वहां भी अपनी भूमिका तय करेगी.
कांग्रेस का भाजपा पर हमला
कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने चिराग पासवान के बयान पर भाजपा को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा गठबंधन (NDA) के मंत्री होने के बावजूद चिराग पासवान का छत्तीसगढ़ में अलग से चुनाव लड़ने की बात कहना यह साबित करता है कि अब भाजपा से उसके अपने ही सहयोगियों का भरोसा पूरी तरह उठ चुका है.