CG News: 2028 में कांग्रेस सरकार का दावा, दीपक बैज बोले- कई नेता CM बनने योग्य
CG News: छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने में अभी करीब दो साल का समय बाकी है, लेकिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के हालिया बयान से राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है. सरगुजा में कांग्रेस के संभाग स्तरीय ब्लॉक अध्यक्षों और ट्रेनरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के दौरान बैज ने कहा कि 2028 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी.
कांग्रेस में कई नेता CM बनने योग्य, बैज ने गिनाए नाम
कार्यक्रम के दौरान दीपक बैज ने कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को मुख्यमंत्री पद के योग्य बताया. उन्होंने चरण दास महंत, टीएस सिंहदेव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और ताम्रध्वज साहू का नाम लिया. बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करता है.
बीजेपी को लेकर बैज ने कही ये बात
दीपक बैज ने बीजेपी पर भी राजनीतिक टिप्पणी की. उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कार्यकर्ताओं में नाराजगी दिखाई दे रही है और कई जगहों पर कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की खबरें सामने आ रही हैं. बैज ने कहा कि कांग्रेस ने बीजेपी के खिलाफ अपनी फील्डिंग तैयार करना शुरू कर दिया है, जबकि अभी उसकी बैटिंग शुरू नहीं हुई है.
महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस के कार्यक्रम
बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रमों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यक्रम कर रही है. बैज ने पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल किए.
टीएस सिंहदेव ने बैज के बयान पर दिया जवाब
दीपक बैज के बयान के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बैज ने चार नेताओं के नाम गिनाए हैं, लेकिन वह खुद भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार हो सकते हैं क्योंकि वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं. सिंहदेव ने कांग्रेस के पिछले कार्यकाल में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री को लेकर हुई चर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि इससे पार्टी को नुकसान हुआ और हार का एक कारण यह भी रहा.