CG News: आज से बदलेगा मौसम, कई इलाकों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट
CG News: छत्तीसगढ़ में पिछले चार से पांच दिनों से लोग उमस और गर्मी से परेशान हैं, लेकिन अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं. तीन नए मौसम सिस्टम सक्रिय होने से कई इलाकों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना है.
आज से बदलना शुरू होगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. बारिश की गतिविधियां बढ़ने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है. 19 सितंबर के आसपास मौसम में और बदलाव आने की संभावना है, इस दौरान कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है.
रायपुर में बादल छाए रहने के आसार
राजधानी रायपुर में आज मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने पर तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है.
इन इलाकों में दर्ज हुई बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में छुटपुट बारिश दर्ज की गई. पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में 20-20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं कुनकुरी, रामानुजगंज, रेंगाखार कला और रघुनाथ नगर में 10-10 मिमी पानी गिरा. सरायपाली और कटेकल्याण में भी 10-10 मिमी बारिश दर्ज की गई.
सामान्य से करीब 5% कम बारिश
मानसून सीजन के दौरान अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की कमी बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार नए मौसम सिस्टम सक्रिय होने के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे मौजूदा कमी में कुछ सुधार होने की उम्मीद है. आने वाले दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.