CG News: अंबिकापुर में बसों का मनमाना किराया, यात्रियों से दोगुने पैसे वसूलने का आरोप
CG News: अंबिकापुर में यात्री बसों से जुड़ी शिकायतें सामने आई हैं. आरोप है कि कुछ बस संचालक यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूल रहे हैं. परिवहन विभाग ने सभी बसों में किराया सूची चस्पा करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर चलने वाली कई बसों में किराया सूची दिखाई नहीं दे रही है. इससे यात्रियों को सही किराए की जानकारी नहीं मिल पा रही और मनमानी वसूली की शिकायतें बढ़ रही हैं.
कई रूट पर दोगुने किराए का आरोप
अंबिकापुर बस स्टैंड से प्रतिदिन 200 से अधिक यात्री बसों का संचालन होता है. इसके बावजूद कई सामान्य यात्री बसों में किराया सूची नहीं लगाई गई है. यात्रियों की शिकायत है कि अंबिकापुर से सीतापुर, बलरामपुर, वाड्रफनगर और सूरजपुर जाने वाले रूट पर कई बार निर्धारित किराए से ज्यादा राशि ली जा रही है. कुछ यात्रियों ने तो किराया दोगुना तक वसूले जाने का आरोप लगाया है.
किराया बढ़ाने को लेकर बस ऑपरेटरों का दबाव
दूसरी ओर, बस संचालक लंबे समय से यात्री बसों का किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. सरकार की ओर से अभी किराए में बढ़ोतरी को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है. बस ऑपरेटरों ने मांग पूरी नहीं होने पर 22 सितंबर से प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है. हालांकि सरकार के साथ बातचीत के बाद कुछ बस संचालकों के हड़ताल से पीछे हटने की बात सामने आई है, लेकिन छोटे बस ऑपरेटर और उनके पदाधिकारी अभी भी आंदोलन पर कायम रहने की बात कह रहे हैं.
यातायात संघ ने हड़ताल पर रुख साफ किया
छत्तीसगढ़ यातायात संघ के पदाधिकारियों ने कहा है कि किराया बढ़ाने की मांग पूरी नहीं होने पर 22 सितंबर को प्रदेशभर में बसों का संचालन बंद किया जाएगा. संघ के मुताबिक, करीब पांच साल पहले सामान्य यात्री बसों का किराया एक रुपये से बढ़ाकर 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर किया गया था, लेकिन बाद में इसे फिर एक रुपये कर दिया गया. बस संचालक अब इसे बढ़ाकर 1.50 रुपये प्रति किलोमीटर करने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि डीजल, ऑटो पार्ट्स और अन्य खर्च लगातार बढ़े हैं.
ज्यादा किराया लिया तो होगी कार्रवाई
निर्धारित किराए से अधिक वसूली के मामले में RTO ने बस ऑपरेटरों को स्पष्ट चेतावनी दी है. अधिकारियों के अनुसार, सरकार की ओर से किराया बढ़ाने का फैसला होने तक बस संचालक तय किराए से ज्यादा राशि नहीं ले सकते. किसी बस में अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिलती है या जांच में मामला सामने आता है तो संबंधित बस के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सभी बसों में किराया सूची लगाना भी अनिवार्य बताया गया है.
One thought on “CG News: अंबिकापुर में बसों का मनमाना किराया, यात्रियों से दोगुने पैसे वसूलने का आरोप”