CG News: राशन कार्ड धारकों के लिए जरूरी खबर, 31 अगस्त तक नवीनीकरण और e-KYC पूरा करना होगा
CG News: जगदलपुर जिले में राशन कार्डों के नवीनीकरण और e-KYC की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अभी भी करीब 5 हजार राशन कार्डों का नवीनीकरण नहीं हुआ है. इनमें लगभग 3 हजार APL और करीब 1 हजार BPL कार्ड शामिल बताए जा रहे हैं. प्रशासन ने ऐसे हितग्राहियों को राहत देते हुए नवीनीकरण की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है.
1350 कार्ड किए गए निरस्त
खाद्य विभाग के अनुसार जिले में करीब 1350 राशन कार्ड अलग-अलग कारणों से निरस्त किए जा चुके हैं. इनमें पलायन कर चुके लोग, मृत राशन कार्डधारक और दूसरे राज्यों में राशन का लाभ लेने वाले मामले शामिल हैं. जांच के दौरान रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर भी कुछ कार्डों को निरस्त किया गया है. विभाग ने पात्र लोगों से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.
जिले में 2 लाख से ज्यादा राशन कार्ड
जगदलपुर जिले में वर्तमान में करीब 2 लाख 6 हजार राशन कार्ड दर्ज हैं. इनके जरिए 7 लाख 90 हजार से अधिक लोगों को रियायती दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है. जिले में अंत्योदय, प्राथमिकता, नि:शक्त, निराश्रित और सामान्य सहित पांच प्रमुख श्रेणियों के राशन कार्ड संचालित हैं.
60 हजार से ज्यादा e-KYC लंबित
राशन कार्ड नवीनीकरण के साथ हितग्राहियों की e-KYC भी कराई जा रही है. जिले में अब तक 60 हजार से अधिक लोगों की e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है. खाद्य विभाग पिछले साल से e-KYC कराने की प्रक्रिया चला रहा है और हितग्राहियों को लगातार इसे पूरा करने के लिए कहा जा रहा है.
31 अगस्त तक पूरा करें प्रक्रिया
प्रशासन ने राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे 31 अगस्त 2026 तक अपना राशन कार्ड नवीनीकरण और लंबित e-KYC पूरा कर लें. समय पर प्रक्रिया पूरी करने से पात्र हितग्राहियों को सरकारी राशन का लाभ लेने में भविष्य में परेशानी नहीं होगी. वहीं विभाग रिकॉर्ड को अपडेट करने और अपात्र या निष्क्रिय कार्डों की पहचान करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रहा है.
यह भी पढ़ें : CG News: सौर ऊर्जा का संदेश देने वाला भिलाई निगम खुद बिजली संकट में घिरा, बकाया पर कटे 4 जोन के कनेक्शन