CG News: बस्तर में ‘भीम मैंगो आइस कैंडी’ पर रोक, जांच में Unsafe मिलने के बाद खाद्य विभाग का बड़ा कदम
CG News: बच्चों के बीच लोकप्रिय रंग-बिरंगी आइस कैंडी को लेकर बस्तर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच में ‘भीम का मांगों पैकेट ग्रीन कलर मैंगो आइस कैंडी’ को Unsafe यानी असुरक्षित पाया गया है. जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे बस्तर जिले में इस उत्पाद की बिक्री, वितरण और भंडारण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है.
दुकानदारों को बिक्री बंद करने के निर्देश
खाद्य विभाग ने जिले के सभी थोक और चिल्हर व्यापारियों को ‘भीम मैंगो आइस कैंडी’ की बिक्री तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं. बाजार में मौजूद स्टॉक को वापस मंगाकर नियमानुसार नष्ट करने के लिए भी कहा गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद अगर कहीं इस उत्पाद की बिक्री या भंडारण पाया गया, तो संबंधित व्यक्ति या कारोबारी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
जांच में दो खाद्य उत्पाद अमानक मिले
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम कुंजाम के अनुसार, ‘भीम का मैंगो आइस कैंडी’ के साथ ‘वीबा एगलेस मयोनीज’ को भी जांच में अमानक पाया गया है. इसके बाद दोनों उत्पादों के विक्रय, वितरण और भंडारण पर पूरे बस्तर जिले में प्रतिबंध लगाया गया है. विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में ऐसे खाद्य उत्पादों की उपलब्धता रोकना और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है.
लोगों से की गई सतर्क रहने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि प्रतिबंधित दोनों खाद्य उत्पादों की बिक्री न करें और अगर कहीं इनका भंडारण या बिक्री होने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना विभाग को दें. खाद्य पदार्थों से जुड़ी शिकायतें विभाग के टोल-फ्री नंबर के माध्यम से भी दर्ज कराई जा सकती हैं. विभाग ने कारोबारियों को भी निर्देशों का पालन करने और प्रतिबंधित स्टॉक को नियमानुसार हटाने के लिए कहा है.
बस्तर में खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती
‘भीम मैंगो आइस कैंडी’ और ‘वीबा एगलेस मयोनीज’ पर कार्रवाई के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती साफ दिखाई दे रही है. जांच में Unsafe या अमानक पाए जाने वाले खाद्य उत्पादों की बिक्री रोकने के साथ बाजार में उपलब्ध स्टॉक को हटाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है. विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : CG News: बिलासपुर से फ्लाइट टिकट में भारी बढ़ोतरी, प्रयागराज और कोलकाता रूट पर 100 से 150% तक महंगा सफर