CG News: सरगुजा के बालिका छात्रावास में गंभीर आरोप, छात्राओं की शिकायत पर जांच शुरू
CG News: सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड से लगे खमरिया स्थित बालिका छात्रावास में छात्राओं से निजी काम कराने का कथित मामला सामने आया है. छात्राओं ने महिला सुरक्षा गार्ड पर अपनी वर्दी धुलवाने और रात में सोने से पहले मालिश कराने का आरोप लगाया है. शिकायत सामने आने के बाद आदिवासी विकास विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और संबंधित गार्ड को छात्रावास से हटाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
जिला पंचायत सदस्य के सामने रखी शिकायत
बताया गया कि जिला पंचायत सदस्य राधा रवि अचानक खमरिया बालिका छात्रावास पहुंचीं. निरीक्षण के दौरान कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था. उन्होंने छात्राओं से भोजन, रहने और पढ़ाई की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली. इसी दौरान छात्राओं ने महिला गार्ड रवि सूर्य राजवाड़े पर निजी काम कराने के आरोप लगाए. शिकायत बताते समय कुछ छात्राएं भावुक भी हो गईं.
वर्दी धुलवाने और मालिश का आरोप
छात्राओं का आरोप है कि महिला गार्ड उनसे अपनी वर्दी धुलवाती हैं और रात में सोने से पहले मालिश भी कराती हैं. छात्राओं के मुताबिक, निजी काम करने से इनकार करने पर उन्हें दूसरे कमरे में बंद करने और छात्रावास से बाहर निकालने की धमकी दी जाती है. छात्राओं ने यह भी आशंका जताई कि शिकायत की जानकारी गार्ड को मिलने पर उन्हें दोबारा परेशान किया जा सकता है.
विभाग ने शुरू की जांच
जिला पंचायत सदस्य ने छात्राओं की शिकायत की जानकारी आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला को दी. मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त ने मंडल संयोजक को जांच के निर्देश दिए हैं. विभाग की ओर से संबंधित गार्ड को छात्रावास से हटाने की कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
छात्रावास में 80 से अधिक छात्राएं
खमरिया के बालिका छात्रावास में 80 से अधिक छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राएं भी शामिल हैं. छात्राओं का कहना है कि निजी काम कराने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है. कक्षा 10वीं और 12वीं की छात्राएं भी छात्रावास में रह रही हैं. विभाग ने मामले की जांच के साथ अन्य छात्रावासों का भी निरीक्षण करने की बात कही है, ताकि छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके.