CG News: छत्तीसगढ़ में ED का बड़ा एक्शन, केके श्रीवास्तव को 7 अगस्त तक रिमांड, 300 करोड़ के लेन-देन की जांच
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी कृष्ण कुमार उर्फ केके श्रीवास्तव को प्रवर्तन निदेशालय, ED ने कथित कमीशनखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है. ईडी ने उन पर 15 करोड़ रुपए की कथित लेन-देन में शामिल होने का आरोप लगाया है. कोर्ट ने केके श्रीवास्तव को 7 अगस्त तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया है.

300 करोड़ के वित्तीय नेटवर्क की जांच
ईडी अब केके श्रीवास्तव से कथित मनी ट्रेल, हवाला नेटवर्क और शैल कंपनियों के जरिए हुए वित्तीय लेन-देन को लेकर पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसी का दावा है कि करीब 300 करोड़ रुपए के संदिग्ध लेन-देन की कड़ियां सामने आई हैं, जिनकी जांच की जा रही है, ईडी के मुताबिक, जांच में कथित कमीशन की रकम को हवाला के जरिए अमेरिका सहित अन्य देशों में भेजे जाने की जानकारी मिली है. एजेंसी का आरोप है कि विदेशों में शैल कंपनियों के माध्यम से धन को वैध दिखाने की कोशिश की गई और बाद में भारत में निवेश किया गया.
जमीन और कारोबार में निवेश की जांच
जांच एजेंसियां अब केके श्रीवास्तव से जुड़े कथित नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं. ईडी यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशों से आए पैसों का इस्तेमाल किन जमीन सौदों, कंपनियों और कारोबार में किया गया. पूरे मामले में वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है, ईडी की कार्रवाई से पहले विधानसभा थाना पुलिस ने भी एक नया केस दर्ज किया था. शिकायतकर्ता संदीप सेठ ने आरोप लगाया कि उन्हें निजी कंपनी में डायरेक्टर बनाकर उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया गया. इन दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खोलने की बात सामने आई है.
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के नाम पर पैसे लेने का आरोप
मामले की शुरुआत दिल्ली के कारोबारी अशोक रावत की शिकायत से हुई थी. आरोप है कि स्मार्ट सिटी और एनआरडीए के करीब 500 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट दिलाने के नाम पर केके श्रीवास्तव ने 15 करोड़ रुपए लिए थे. काम नहीं मिलने के बाद रकम वापस नहीं की गई, ईडी को जांच के दौरान केके श्रीवास्तव और उनके रिश्तेदारों से जुड़ी कई शैल कंपनियों की जानकारी मिलने की बात सामने आई है. इन कंपनियों के बैंक खातों में हुए करोड़ों रुपए के लेन-देन की जांच की जा रही है. मामले में ईडी, ईओडब्ल्यू और पुलिस तीनों एजेंसियां जांच कर रही हैं.