CG News: बढ़ते बिजली बिलों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, 1 से 3 अगस्त तक चलेगा प्रदेशव्यापी आंदोलन
CG News: छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है. पीसीसी चीफ दीपक बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कांग्रेस 1 अगस्त से 3 अगस्त तक तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन करेगी. पार्टी इस दौरान सरकार के खिलाफ जनता के बीच जाकर विरोध दर्ज कराएगी.

बिजली बिल और स्मार्ट मीटर पर उठाए सवाल
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को लगातार बढ़े हुए बिल मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है. कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर गांव और शहरों में जनता के बीच जाएगी.
1 अगस्त से शुरू होगा अभियान
कांग्रेस के तय कार्यक्रम के अनुसार, 1 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेसवार्ता करेंगे. इस दौरान महंगी बिजली और बढ़ते बिलों के मुद्दे को जनता के सामने रखा जाएगा. पार्टी नेताओं का कहना है कि अभियान के जरिए लोगों की समस्याएं सरकार तक पहुंचाई जाएंगी.
2 अगस्त को घर-घर पहुंचेगी कांग्रेस
आंदोलन के दूसरे दिन 2 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे. इस दौरान उपभोक्ताओं से महंगे बिजली बिलों के खिलाफ आवेदन भरवाए जाएंगे. पार्टी का दावा है कि बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ेंगे और अपनी परेशानी दर्ज कराएंगे.
3 अगस्त को होगा CM हाउस घेराव
आंदोलन के अंतिम दिन 3 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे. दीपक बैज ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरेगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगी बिजली से परेशान है और कांग्रेस उनकी आवाज बनकर संघर्ष करेगी. उन्होंने सरकार से बिजली दरों में राहत देने की मांग की है. प्रेसवार्ता में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे.