CG News: 12वीं हिंदी पेपर लीक मामले में छात्रों का प्रदर्शन, सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग
CG News: छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड हिंदी विषय के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर छात्रों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक पर रविवार को बड़ी संख्या में छात्र जुटे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग उठाई. छात्रों का कहना है कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं से परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं और लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर असर पड़ रहा है.
छात्रों ने उठाए परीक्षा व्यवस्था पर सवाल
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि विद्यार्थी सालों की मेहनत के बाद परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत प्रभावित होती है. उन्होंने सरकार से सिर्फ जांच तक सीमित नहीं रहने, बल्कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, छात्रों ने पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत और सख्त कानून लागू करने की मांग की. उनका कहना है कि जब तक ऐसे मामलों में दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिलेगी, तब तक इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाना मुश्किल होगा.
हरिका राव के परिवार को न्याय की मांग
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने री नीट परीक्षा से जुड़े घटनाक्रम के बाद आत्महत्या करने वाली हरिका राव के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई, छात्रों का कहना है कि परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं का मानसिक दबाव विद्यार्थियों पर गंभीर असर डालता है, इसलिए सरकार को ऐसे मामलों में संवेदनशील कदम उठाने चाहिए.
एनएसयूआई ने किया समर्थन
छात्रों के इस प्रदर्शन को एनएसयूआई का भी समर्थन मिला. संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अंबेडकर चौक पहुंचे और छात्रों की मांगों का समर्थन किया, एनएसयूआई ने कहा कि पेपर लीक मामलों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. संगठन ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा.
छात्रों की सरकार से प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारियों ने 12वीं हिंदी पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी, कड़ी सजा, पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून और परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित व पारदर्शी बनाने की मांग रखी, छात्रों ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जाएगा.