CG News: आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन, मित्तल हॉस्पिटल 3 महीने के लिए सस्पेंड
CG News: आयुष्मान भारत योजना के नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की गई है. मित्तल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस को राज्य नोडल एजेंसी ने तीन महीने के लिए आयुष्मान योजना से निलंबित कर दिया है.

मरीज से 90 हजार रुपए लेने का मामला
यह कार्रवाई एक मरीज से सर्जरी के नाम पर 90 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि लेने के मामले में की गई है. शिकायत में बताया गया था कि मरीज के पास आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अस्पताल ने इलाज के लिए अतिरिक्त पैसे वसूले, जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई. रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल ने दवाइयों के नाम पर 15,226 रुपए और सर्जरी के लिए 90 हजार रुपए मरीज से लिए थे. इसे योजना के नियमों का उल्लंघन माना गया.
मरीज को राशि लौटाने के निर्देश
राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल को मरीज से ली गई 90 हजार रुपए की राशि वापस करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही तीन महीने के लिए अस्पताल को आयुष्मान योजना से सस्पेंड कर दिया गया है.
दवाइयों की राशि लौटाई, सर्जरी के पैसे बाकी
जांच के बाद अस्पताल ने दवाइयों के लिए ली गई 15,226 रुपए की राशि चेक के माध्यम से मरीज के परिजनों को वापस कर दी. हालांकि, सर्जरी के लिए ली गई 90 हजार रुपए की राशि अब तक वापस नहीं की गई है, इसी आधार पर राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल पर निलंबन की कार्रवाई की है, निलंबन अवधि के दौरान मित्तल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस आयुष्मान भारत योजना के तहत नए मरीजों को भर्ती नहीं कर सकेगा. हालांकि, पहले से भर्ती मरीजों का इलाज पूरा कर उन्हें डिस्चार्ज किया जा सकेगा.
निजी अस्पतालों को दी गई चेतावनी
इस कार्रवाई के बाद आयुष्मान योजना से जुड़े निजी अस्पतालों में सतर्कता बढ़ गई है. एजेंसी ने सभी अस्पतालों को योजना के नियमों का सख्ती से पालन करने और भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितता नहीं दोहराने की चेतावनी दी है, अस्पताल को योजना से जुड़ी सभी प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं. अधिकारियों ने साफ किया है कि मरीजों के अधिकारों से जुड़े मामलों में लापरवाही करने वाले संस्थानों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.